लोकसभा का चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी को इनकम टैक्स का समन, गणेश गोदियाल का दावा- चुनाव जीत रहा तब...
उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच पौड़ी से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल को इनकम टैक्स का नोटिस मिला है। जिस पर सियासत गरमा गई है। गोदियाल ने समन मिलने पर भाजपा पर जमकर भड़ास निकाली।

22 मार्च को महाराष्ट्र के थाने जिले में पेश होने का नोटिस
गणेश गोदियाल ने कहा कि सर्वे में पौड़ी संसदीय सीट पर कांग्रेस की सम्भावित जीत को देखते हुए भाजपा बौखला गयी है और आयकर विभाग का नोटिस भेज दबाव में लेने की कोशिश कर रही है। गोदियाल ने कहा कि आयकर विभाग ने उन्हें 22 मार्च को महाराष्ट्र के थाने जिले में उपस्थित होने का नोटिस दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि वे भगत सिंह के अनुयायी हैं और इस प्रकार की उत्पीड़न की कार्रवाई का विरोध करेंगे।
चुनाव जीतने का दावा
कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने कहा कि चूंकि भाजपा के अनिल बलूनी के खिलाफ वे चुनाव लड़ रहे हैं इसलिए उन्हें भी इस तरीके के नोटिस भेजे गए। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि पौड़ी लोकसभा की जनता उन्हें जिता रही है। दिल्ली से आये पैराशूट प्रत्याशी अनिल बलूनी के बजाय जनता उनके पक्ष में खड़ी है। गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी, भर्ती घोटाले,अग्निवीर,भू कानून,जोशीमठ आपदा व गैरसैंण समेत अन्य मुद्दों पर चुप रहे और अब चुनाव लड़ने उत्तराखंड पहुंच गए। गोदियाल ने कहा कि पहाड़ की जनता सब समझ रही है कि कौन उनके सुख दुख में खड़ा रहा।
राजेन्द्र भंडारी किस दबाव में पार्टी को छोड़ गए
गणेश गोदियाल ने कहा कि बेशक पार्टी विधायक राजेन्द्र भण्डारी भाजपा में चले गए लेकिन चमोली क्षेत्र की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ का समझदार मतदाता यह सब समझ रहा है कि एक दिन पहले गणेश गोदियाल को पहाड़ का लाल कहने वाले विधायक राजेन्द्र भंडारी अगले दिन ही किस दबाव में पार्टी को छोड़ गए।
भाजपा का पलटवार
उधर भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल के आरोपों को राजनैतिक सहानुभूति हासिल करने की असफल कोशिश बताया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि जिस नोटिस की बात की जा रही है वे सभी मामले केंद्र की तत्कालीन यूपीए सरकार और कांग्रेस की राज्य सरकारों के समय दर्ज हुए थे। ऐसे नोटिस अनेकों बार उनके पास आए होंगे लेकिन दोनो बार एन चुनावों पर ही लाभ लेने के लिए इनका जिक्र करना वो छल कपट है, जिससे लिए गढ़वाल की जनता एक बार फिर से उन्हे सबक सिखाने जा रही है।
आरोपों को बेबुनियाद एवं भ्रम फैलाने की कोशिश बताया
उन्होंने गोदियाल के उत्पीड़न एवं डराने की कोशिश के आरोपों को बेबुनियाद एवं भ्रम फैलाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि तथ्यों से स्पष्ट हैं कि इनकम टैक्स या अन्य सभी प्रकरण जब दर्ज किए गए थे, तब केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार थी और महाराष्ट्र में भी कांग्रेस की साझा सरकार थी। लिहाजा इन सारे मामलों से भाजपा का कोई लेना देना नही हैं।
चौहान ने कहा कि सभी जानते हैं कि सभी प्रकरण न्यायलय में चल रहे हैं, लिहाजा नोटिसों का मिलना विधिक प्रक्रिया का हिस्सा है । ऐसे में यदि उन्होंने कुछ भी गलत नही किया है तो इसमें डरने या दवाब में आने की क्या बात है। उन्होंने हैरानी जताई कि गलत करने पर जनदबाब में उनकी ही सरकार मुकद्दमा भी दर्ज करती है, लेकिन राजनैतिक लाभ के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications