Gurugram Encounter: गुरुग्राम में गैंगस्टरों पर पुलिस का एक्शन, दीपक नांदल गैंग के 4 शूटर ढेर, 3 पुलिस भी घायल
Gurugram Encounter: गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 में 09 जुलाई की रात पुलिस और कुख्यात दीपक नांदल गैंग के शार्पशूटरों के बीच हुई मुठभेड़ में चार बदमाश मारे गए, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस एनकाउंटर में गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच के तीन जवान भी गोली लगने से जख्मी हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से पांच ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल के लिए काम कर रहे थे और एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के मामले में शामिल थे। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर के मुताबिक क्रिमिनल गैंगस्टर दीपक नांदल से जुड़े शूटर थे, जो अभी विदेश से ऑपरेट कर रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं।

कैसे शुरू हुआ एनकाउंटर
गुरुग्राम पुलिस के कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि कुछ हथियारबंद बदमाश एक संदिग्ध स्कॉर्पियो SUV में सवार होकर सुषांत लोक फेज-2 इलाके में घूम रहे हैं। इसी दौरान सूचना मिली कि इन शूटरों ने इलाके के एक बड़े कारोबारी के घर पर ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग कर दी है। बताया गया कि कारोबारी को पिछले कुछ समय से विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल की तरफ से लगातार रंगदारी के संदेश मिल रहे थे।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों को घेर लिया। पुलिस ने पहले उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने जवाब में पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई की।
दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में पांचों शूटर गोली लगने से घायल हुए। पुलिस उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने चार आरोपियों को मृत घोषित कर दिया। पांचवें आरोपी का इलाज कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटनास्थल पर FSL की जांच
एनकाउंटर के बाद डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), सीन ऑफ क्राइम टीम और दूसरी पुलिस इकाइयों ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और अहम सबूत जुटाए। पुलिस ने बताया कि मारे गए और घायल आरोपियों की पहचान, उनका आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियारों की पूरी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सार्वजनिक की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और लोगों में डर फैलाने की कोशिश करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही इस पूरे मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications