Lok sabha election 2024: देहरादून के युवाओं के मन में क्या, लोकसभा चुनाव में क्या हैं मुद्दे, ग्राउंड रिपोर्ट
युवाओं को देश का भविष्य कहा जाता है। लोकसभा चुनाव में भी युवाओं का सबसे बड़ा और अहम रोल रहने वाला है। देहरादून का युवा क्या सोचता है। इसको लेकर वन इंडिया की टीम ने युवाओं से चुनाव और मुद्दों को लेकर बात की। आइए जानते हैं युवाओं के मन में क्या है। मोदी सरकार और कांग्रेस को लेकर युवाओं ने खुलकर बात की।

दिव्य सेठी का कहना है कि वे बचपन से ही बीजेपी को ही सपोर्ट करते आए हैं। इस बार भी बीजेपी को वोट करेंगे। हालांकि दिव्य सेठी मानते हैं कि टिहरी लोकसभा सीट पर बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने युवाओं के लिए बहुत काम किया है। ऐसे में उनको भी काफी युवाओं का सपोर्ट मिल रहा है। दिव्य ने भाजपा सरकार से अपील की है कि मध्यम वर्गीय समाज के लिए भी कुछ सोचना चाहिए नहीं तो आने वाले समय में मध्यम वर्ग के लिए महंगाई और दूसरे मुद्दे काफी असर डाल सकते हैं।
Recommended Video
देहरादून में रहने वाले चांद नबाब रामनगर मूल निवासी हैं। उनका कहना है कि गढ़वाल सीट पर इस बार कांग्रेस के गणेश गोदियाल का पलड़ा भारी है। गोदियाल ने पौड़ी गढ़वाल सीट पर काफी काम किया है और उनकी पकड़ मजबूत है। उनका कहना है कि गणेश गोदियाल किसी भी पार्टी से हों या निर्दलीय भी होते वे गणेश गोदियाल को ही वोट करते।
चांद का कहना है कि इस बार चुनाव में पहले जैसे उत्साह नजर नहीं आ रहा है। जनता कन्फ्यूज है। उनका कहना है कि भाजपा की नीतियों से लोग परेशान हैं, किस पर भरोसा करें। कांग्रेस डूबी है। चांद ने ये भी कहा कि मोदी की गारंटी और चाइना के सामान का कोई भरोसा नहीं है। राजेंद्र मिश्रा मूल रूप से लखनउ के रहने वाले हैं, देहरादून में पटेलनगर के देहराखास में रहते हैं।
वे मानते हैं कि पिछले पांच सालों में विकास हुआ है। भाजपा सरकार ने काम किया है। राजेंद्र मानते हैं कि इस बार मोदी को ही लोग पसंद कर रहे हैं। अतुल कुमार शर्मा का कहना है कि वे भाजपा को लाने के लिए ही वोट करेंगे। पिछली सरकार के हिसाब से अब काफी काम हो रहा है। अतुल ने कांग्रेस को लेकर कहा कि 20 साल तक विपक्ष कहीं नजर नहीं आता है।
लक्खीबाग के रहने वाले राशिद का कहना है कि वोट देना उनका अधिकार है। लेकिन चुनाव एक तरफा हो गया है। कांग्रेस 20 साल तक नहीं आती। अब मोदी ही आएगा। जो भी कर रहे हैं वो ठीक ही कर रहे हैं। सुमित कुकरेजा का मानना है कि पार्टी और प्रत्याशी दोनों को देखकर ही वोट करना चाहिए।
वो भी चाहते हैं कि केंद्र में जो सरकार है उसे फिर से मौका मिलना चाहिए। केंद्र की मोदी सरकार देश ही नहीं विदेश में काफी अच्छा काम कर रही है। खासकर युवाओं और स्टार्टअप को लेकर केंद्र सरकार की नीतियां अच्छी हैं। कांग्रेस को लेकर वे मानते हैं कि परिवारवाद की वजह से कांग्रेस पीछे जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications