मेन लीडरशिप के बाद अब यूथ भी मैदानी जंग में, बेरोजगारी पर यूथ कांग्रेस और BJYM आमने— सामने
कांग्रेस और बीजेपी की यूथ विंग भी चुनावी मैदान में
देहरादून, 26 अगस्त। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सरकार से लेकर विपक्ष सभी को युवाओं और रोजगार की चिंता सताने लगी है। राज्य सरकार जहां युवा सीएम धामी के आने के बाद से 24 हजार से ज्यादा युवाओं को सीधे और 1 लाख लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का दावा कर रही है। वहीं कांग्रेस ने राज्य सरकार पर बेरोजगारी बढ़ाने के साथ सरकार पर रोजगार देने का वादा करके वादा भूलने का आरोप लगाया है। बेरोजगारी के मुद्दे पर मेन लीडरशिप के बाद अब यूथ विंग भी चुनावी मैदान में उतर चुकी हैा

विपक्ष का आरोप जब रोजगार ही नहीं तो नौकरी कहां दोगे
विधानसभा सत्र के दौरान मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने सड़क से लेकर सदन तक रोजगार के मुद्दे पर सरकार को चारों तरफ से घेरना शुरू कर दिया है। सदन में कांग्रेस रोजगार के मुद्दे पर कार्यस्थगन प्रस्ताव ला चुकी है। रोजगार के मुद्दे पर राज्य सरकार और विपक्ष के अपने-अपने दावे है। सरकार चुनावी साल में 22 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा कर रही है तो कांग्रेस का आरोप है कि जितने पद सरकार बता रही है, उनकी जानकारी में इतने पद उत्तराखंड में हैं ही नहीं। ऐसे में राज्य सरकार पर विपक्ष चुनावी साल में युवाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगा रही है। प्रदेश में कांग्रेस की चुनाव अभियान की कमान संभाल रहे हरीश रावत ने युवाओं को जोड़ने के लिए पहले ही मिस कॉल और रोजगार गारंटी कार्ड योजना शुरू की है। हरीश रावत ने भी इस चुनावी साल में बेरोजगारी के मुद्दे पर पूरा फोकस किया है।
यूथ कांग्रेस का विधानसभा घेराव
कांग्रेस के बड़े नेताओं से लेकर यूथ विंग भी बेरोजगारी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरने को तैयारी कर चुकी है। विधानसभा सत्र के दौरान ही यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस विधानसभा कूच कर रही है। जिसमें यूथ कांग्रेस बेरोजगार युवाओं की भावनाओं को सरकार तक पहुंचाने की बात कर रही है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित भुल्लर ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार हमेशा झूठे वादे करती है। सुमित ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सीएम बनते ही 7 लाख लोगों को रोजगार देने का दावा किया। इसके बाद सीएम बने तीरथ सिंह रावत ने 70 हजार लोगों को रोजगार देने का झूठा वादा किया और अब पुष्कर सिंह धामी 22 हजार पर आ गए हैं। ऐसे में उत्तराखंड का युवा बीजेपी की सरकार को हटाने के लिए एक जुट हो चुका है।
युवा मोर्चा ने बताया चुनावी प्रोपेगेंडा
बीजेयुमो के अध्यक्ष कुंदन लटवाल का कहना है कि बीजेपी ने हर क्षेत्र में विकास किया है। लटवाल ने बताया कि सीएम धामी ने 15 अगस्त को 22 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है, साथ ही अतिथि शिक्षकों के वेतन बढ़ाने के अलावा कई विभागों में युवाओं को लाभ देने का काम उनकी सरकार ने किया है। लटवाल ने कांग्रेस पर बेवजह बेरोजगारी को लेकर प्रोपेगेंडा खड़ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवा साथ बीजेपी के साथ है। जो उनकी दोबारा सरकार बनाने में पूरा सहयोग करने जा रहे हैं।
-












Click it and Unblock the Notifications