DDU University: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित होगा यह खास कार्यक्रम
DDU University Latest News In Hindi Uttar Pradesh: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राजभवन द्वारा 8 मार्च 2025 को आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विजयी प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। राज्यपाल महोदया द्वारा इन विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन के तहत प्रत्येक विश्वविद्यालय में स्थापित महिला अध्ययन केंद्रों द्वारा भाषण और नाट्य प्रस्तुति प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न होगी। पहले दो चरणों के उपरांत, तीसरे चरण में समूहबद्ध विश्वविद्यालयों के विजेता आपस में प्रतिस्पर्धा करेंगे। अंतिम चरण में चयनित प्रतिभागी 8 मार्च को राजभवन में अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। भाषण प्रतियोगिता के विषयों में दहेज प्रथा उन्मूलन, बाल विवाह पर प्रतिबंध, विकसित भारत की संकल्पना, वृद्धाश्रम की आवश्यकता, और कृषि क्षेत्र में महिलाओं का योगदान शामिल हैं।

DDU University: कुलाधिपति विद्यार्थियों की साइकिल यात्रा को करेंगी रवाना, गांवों में ऐसे फैलेगी जागरूकता
*नाट्य प्रस्तुति के लिए विषयों* में अहिल्या बाई होलकर, द्रौपदी वस्त्रहरण, श्रवण कुमार की भक्ति, श्रीकृष्ण का अर्जुन को उपदेश, राम वनवास, और भरत मिलाप जैसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक प्रसंगों को शामिल किया गया है।
*अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं के लिए अलग से भाषण प्रतियोगिता* आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक विश्वविद्यालय से प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी भाग लेंगे। यह प्रतियोगिता भी 8 मार्च को राजभवन में संपन्न होगी।
*महाविद्यालय 27 फरवरी 2025 तक प्रतियोगिताएँ कराए संपन्न*
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने सम्बद्ध महाविद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे 27 फरवरी 2025 तक महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएँ संपन्न कर विजेताओं की सूची विश्वविद्यालय को भेजें। चयनित प्रतिभागियों को 28 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे ललित कला एवं संगीत विभाग में द्वितीय चरण की प्रतियोगिता में भाग लेना अनिवार्य होगा। अनुसूचित जनजाति वर्ग की प्रतियोगिता की सूची भी अलग से विश्वविद्यालय को भेजी जाएगी।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा, "यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों के बौद्धिक और सांस्कृतिक विकास का एक अनूठा अवसर है। इससे न केवल युवा पीढ़ी को अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता दिखाने का मंच मिलेगा, बल्कि महिलाओं से जुड़े महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता भी बढ़ेगी। हमें गर्व है कि हमारे छात्र-छात्राएँ इस प्रतिष्ठित मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।"
समूह 3 में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications