UP में बारिश की वजह से 22 की मौत, IMD ने आज फिर जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली, 17 सितंबर। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते हुए हादसों की वजह से अब तक प्रदेश में 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी हिस्से में शनिवार को फिर से बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने शनिवार को मुंबई सहित महाराष्ट्र के अन्य जिलों में भी बारिश की चेतावनी जारी की है।

लखनऊ में निर्माणाधी दीवार गिरने से 9 लोगों की हुई थी मौत
बारिश के कारण बीते दिनों लखनऊ में एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई थी। दीवार गिरने की वजह से 9 मजदूरों की मलबे में दबने की वजह से मौत हो गई थी। सभी मजदूर झांसी के रहने वाले थे। इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विपक्ष के नेताओं ने दु:ख व्यक्त किया था। वहीं, न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बारिश के हादसों की वजह से उन्नाव में 5, फतेहपुर में 3, प्रयागराज में 2, सीतापुर में एक, रायबरेली एक और झांसी में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
CM ने मृतकों के परिजनों के लिए किया मुआवजे का ऐलान
लखनऊ में दीवार गिरने की वजह से जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से दी गई है। इसके मुताबिक राज्य सरकार की तरफ से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इधर, राज्य में गुरुवार से भारी बारिश जारी है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य में शुक्रवार को 32.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई, जो कि 6.1 मिमी के LPA (दीर्घकालिक औसत) से 428% अधिक है। वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के 75 में 74 जिलों में बारिश हुई थी। इस दौरान बाराबंकी (192.7 मिमी), लखनऊ (116.9 मिमी), मऊ (110 मिमी), बहराइच (108 मिमी), देवरिया (78.5 मिमी) बलरामपुर (64 मिमी), बलिया (63.9 मिमी), लखीमपुर खीरी (58.7 मिमी) सहित जिले झांसी (51), उन्नाव (14.7 मिमी) और प्रयागराज (8.4 मिमी) बारिश हुई।
प्रदेश के इन जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट
क्षेत्रीय मौसम विभाग ने चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, लखनऊ, अमेठी, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की भविष्यवाणी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह से कोई अनहोनी न हो, इसलिए लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को इन जिलों में हुई थी बारिश
मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के विभिन्न जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक शनिवार को पालघर और ठाणे में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य में दो दिनों बाद बारिश की तिव्रता कम हो जाएगी।
ये भी पढ़ें- Weather Update: उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत इन राज्यों में आज होगी भारी बारिश, जानिए मौसम का हाल












Click it and Unblock the Notifications