UP में BJP की सीटों में गिरावट के कारणों को लेकर PMO को भेजी गई रिपोर्ट, जानिए किस पर फूटा ठीकरा
लखनऊ, 22 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिला था। हालांकि पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार 57 सीटें कम हुईं थीं। सीटें कम होने की पीछे क्या वजह रही इसकी पड़ताल बीजेपी की तरफ से की गई। बीजेपी के सूत्रों की माने तो बीजेपी की उत्तर प्रदेश इकाई ने हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी है, जिसमें यह बताया गया है कि "बसपा से वोटों के स्थानांतरण" और "फ्लोटिंग वोट" की वजह से पार्टी को जीत हासिल हुई। इसमें यह भी कहा गया है कि ओबीसी वोट बीजेपी से छिटक रहा है और सहयोगी दलों के वोट भाजपा को स्थानांतरित नहीं होने के कारण पिछली बार की तुलना में कम सीटें आई हैं। खासतौर से पूर्वांचल में राजभर वोट का छिटकना बीजेपी के नुकसान का प्रमुख कारण रहा। यह रिपोर्ट PMO के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष (जे पी नड्डा) को भी भेजी गई है। सूत्रों की माने तो इस रिपोर्ट से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

बीजेपी की कम हुई सीटों को लेकर PMO ने मांगी थी रिपोर्ट
भाजपा ने इस बार भी जीत हासिल की थी लेकिन समाजवादी पार्टी-रालोद गठबंधन की वजह से भी 2017 की तूलना में सीटें कम हो गईं। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय ने यूपी में कम हुई सीटों को लेकर रिपोर्ट तलब की थी जिसपर पार्टी ने अपनी तरफ से ये रिपोर्ट भेजी है। इसमें उन कारकों का विवरण दिया गया है जिन्होंने भाजपा और उसके सहयोगी अपना दल (एस) और निषाद पार्टी को 273 सीटें जीतने में मदद की, और उन कारणों कारण भी बताया है जिसकी वजह से सीटें कम हुई हैं।

सहयोगी दलों का वोट बीजेपी को ट्रांसफर नहीं हुआ
सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी के सहयोगी अपना दल (कुर्मियों) और निषाद (निषादों) के प्रमुख जाति आधारों ने भाजपा का समर्थन नहीं किया। भले ही भाजपा का वोट बैंक उनके पास चला गया। सूत्रों ने कहा कि सिराथू निर्वाचन क्षेत्र से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की हार में इन जातियों के समर्थन की कमी को एक प्रमुख कारक के रूप में पहचाना गया था। रिपोर्ट के मुताबिक कुशवाहा, मौर्य, सैनी, कुर्मी, निषाद, पाल, शाक्य, राजभर जैसी विभिन्न ओबीसी जातियों ने बड़े पैमाने पर भाजपा को वोट नहीं दिया और इसके बजाय सपा गठबंधन में स्थानांतरित हो गए। 2017 में इन जातियों ने बीजेपी का समर्थन किया था।

मुस्लिमों का ध्रुवीकरण सपा के पक्ष में होने से हुआ नुकसान
सपा के पक्ष में मुस्लिम समुदाय का "ध्रुवीकरण" भी कुछ सीटों के नुकसान के कारणों में शामिल किया गया है। बीजेपी के एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पार्टी नेतृत्व इस बात से चिंतित है कि 2022 के चुनावों से पहले दो महीने के सदस्यता अभियान के बावजूद 2017 से उसकी सीटों में कमी आई है। विशेष अभियान में, भाजपा ने राज्य में लगभग 80 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का दावा किया, जिससे उसके कुल पंजीकृत सदस्य 2.9 करोड़ हो गए। 2019 में हुए सदस्यता अभियान की तुलना में पार्टी ने राज्य में 30 लाख नए सदस्य जोड़े थे।

गाजीपुर-अंबेडकर नगर और आजमगढ़ की 22 सीटों पर हार का भी जिक्र
रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के अनुमानित 9 करोड़ लाभार्थियों ने कैसे मतदान किया। गाजीपुर, अंबेडकर नगर और आजमगढ़ जिलों में भाजपा का प्रदर्शन सबसे खराब रहा। इन तीन जिलों की 22 सीटों में से वह एक भी जीतने में नाकाम रही। जहां सपा ने आजमगढ़ और अंबेडकर नगर की सभी सीटों पर जीत हासिल की, वहीं गाजीपुर के सात निर्वाचन क्षेत्रों में से पांच पर जीत हासिल की, जबकि उसके सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने शेष दो सीटों पर जीत हासिल की। 2017 में, भाजपा गठबंधन ने इन जिलों में आठ सीटें जीती थीं।

बीजेपी ने माना शुरूआती चरणों में अधिकारियों ने किया सपा का समर्थन
बीजेपी के सूत्रों ने कहा कि भाजपा की रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि कम से कम 311 सीटों पर सपा गठबंधन को उससे ज्यादा डाक वोट क्यों मिले। लगभग 4.42 लाख डाक मतों में से, सपा गठबंधन को 2.25 लाख वोट मिले, और भाजपा और सहयोगियों को 1.48 लाख वोट मिले। सपा ने सरकारी कर्मचारियों की मांग के अनुसार पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के अपने वादे को इसका कारण बताया था। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि यह सही लग रहा है। यहां तक कि कई जिलों में तैनात अधिकारी भी चुनाव के शुरुआती चरणों में विपक्ष का समर्थन करते हुए दिखाई दिए। वह सब जो रिपोर्ट में शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications