यूपी के वे 5 MLA कौन हैं, जो राष्ट्रपति चुनाव में दूसरे राज्यों में डालेंगे वोट ?
लखनऊ, 17 जुलाई: सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। एमएलए के मतदान के लिए संबंधित राज्य के विधानसभाओं में व्यवस्था की गई है। यूपी में भी लखनऊ स्थित विधान भवन के तिलक हॉल में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। लेकिन, इसबार प्रदेश के 5 एमएलए सोमवार को लखनऊ में नहीं रहेंगे। इसलिए, उनके मतदान के लिए उन्हीं राज्यों में व्यवस्था की गई है, जहां वो इस दिन मौजूद रहेंगे। जो पांच विधायक प्रदेश से बाहर वोटिंग में हिस्सा लेने वाले हैं, उनमें से 3 बीजेपी के और 1-1 समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के हैं।

यूपी के 5 एमएलए दूसरे राज्यों में डालेंगे वोट
उत्तर प्रदेश के 403 एमएलए में से प्रत्येक के वोटों को मूल्य 208 है, जो देश में सबसे ज्यादा है। लिहाजा यूपी के विधायकों का सोमवार को हो रहे राष्ट्रपति चुनाव में कितनी बड़ी भूमिका रहने वाली है, यह बताने की आवश्यकता नहीं है। राष्ट्रपति चुनाव में उत्तर प्रदेश के रिटर्निंग ऑफिसर बृज भूषण दुबे ने कहा है कि राज्य के 5 एमएलए निजी कारणों से प्रदेश के बाहर मतदान करेंगे। इसबार राष्ट्रपति चुनाव में सत्ताधारी एनडीए की उम्मीदवार और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के साझा उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के बीच सीधा मुकाबला है।

सभी एमएलए को सावधानियों के बारे में दी गई सूचना
राष्ट्रपति चुनावों से जुड़े निर्देशों के बारे में रिटर्निंग ऑफिसर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, 'सभी एमएलए को सूचना दे दी गई है और बता दिया गया कि उन्हें क्या सावधानियां बरतनी हैं। विधायकों को अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट देने के लिए भारतीय चुनाव आयोग के विशेष पेन का उपयोग करना होगा।' वोटिंग यूपी विधान भवन के तिलक हॉल में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए तीन पोलिंग बूथ में दो बैलेट बॉक्स लगाए गए हैं, जो कि दिल्ली से आए हैं और 18 जुलाई को ही मतदान खत्म होने के बाद राष्ट्रीय राजधानी वापस भेज दिए जाएंगे। वोटों की गिनती दिल्ली में ही 21 जुलाई को होगी।

यूपी के एमएलए के मतों का मूल्य सबसे अधिक
राष्ट्रपति चुनाव में राज्यों की जनसंख्या और वहां की विधानसभा के सदस्य संख्या के हिसाब से प्रत्येक एमएलए के मतों के मूल्य में अंतर होता है। मसलन, यूपी में एक एमएलए के वोटों का मूल्य 208 है तो झारखंड और तमिलनाडु के विधायकों के मतों का मूल्य 176 है। इसी तरह से महाराष्ट्र में एक एमएलए के वोट का मूल्य 175 है तो सिक्किम में 7, नागालैंड में 9 और मिजोरम में 8 है। चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है।

निर्वाचक मंडल के द्वारा होता है राष्ट्रपति का चुनाव
राष्ट्रपति का चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के माध्यम से चुने गए निर्वाचक मंडल के द्वारा किया जाता है, जिसमें लोकसभा, राज्यसभा और राज्य विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य शामिल होते हैं। इस चुनाव में मनोनीत सांसदों, एमएलए और विधान परिषद के सदस्यों को वोट देने का अधिकार नहीं है। संसद और राज्य विधानसभाओं के चुने हुए सदस्यों को राष्ट्रपति चुनाव में मतदान के लिए अलग-अलग रंगों के बैलेट पेपर दिए जाएंगे। सांसदों को जहां हरे रंग का बैलेट पेपर मिलेगा, वहीं एमएलए को गुलाबी रंग का मत पत्र दिया जाएगा।

यूपी के 5 विधायक जो राष्ट्रपति चुनाव में लखनऊ से बाहर करेंगे मतदान ?
उत्तर प्रदेश के 403 एमएलए में से जो राज्य के बाहर वोट डालेंगे, उनमें से 4 विधायक राजधानी दिल्ली में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जबकि एक विधायक केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में वोट डालेंगे। यूपी से बाहर जो विधायक वोट डालने वाले हैं, वे हैं- मुकेश चौधरी- सहारनपुर जिले की नकुड़ सीट से बीजेपी एमएलए, जियाऊर रहमान- मुरादाबाद जिले की कुंदरकी सीट से सपा एमएलए, प्रदीप कुमार सिंह- हाथरस की सादाबाद सीट से आरएलडी एमएलए, बृजभूषण राजपूत- महोबा की चरखारी सीट से बीजेपी एमएलए और नील रतन पटेल- वाराणसी की सेवापुरी सीट से बीजेपी एमएलए।












Click it and Unblock the Notifications