प्रयागराज में जर्जर इमारत गिरने से 4 लोगों की मौत, CM योगी ने किया 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान
प्रयागराज में जर्जर इमारत गिरी, घायलों का होगा उपचार और मृतकों के परिजनों को योगी सरकार देगी 4 लाख रुपये
प्रयागराज, 06 सितंबर: उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज के मुठीगंज थाना क्षेत्र के हटिया चौराहे पर बारिश के कारण भयंकर हादसा हुआ। यहां एक जर्जर मकान की इमारत भरभराकर कर गिर गई जिसमें हलवाई समेत चार लोगों की मौत हो गई और रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे में 6 लोग घायल हैं। इस घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट करते हुए मरने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

प्रदेश मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों का नि:शुल्क समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं इसके साथ ही मृतकों को 4 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
बता दें प्रयागराज के मुठीगंज थाना क्षेत्र के हटिया चौराहे पर मंगलवार को एक इमारत की छत गिरने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।जर्जर मकान की इमारत गिरने से जोर का धमाका हुआ और दूर तक धूल उड़ी जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों को लगा कि क्या धमाका हुआ है लोग अपना घर छोड़कर भाग खड़े हुए । हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस को सूचना मिलते ही सब लोग वहां पहुंच गए और राहत कार्य शुरू कर दिया।
प्रदेश के सीएम योगी ने जनपद प्रयागराज में बारिश के कारण गिरी जर्जर इमारत के हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्टीट करते हुए लिखा ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें!साथ ही प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को घायलों का नि:शुल्क समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं तथा मृतकों को 4 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications