7 दिन से गायब बच्चे का मिला शव, 400 रूपए नहीं देने पर पुलिस ने नहीं की थी रिपोर्ट दर्ज
परिजनों का आरोप था कि ककोड़ थाने में तैनात कांस्टेबल ने रिश्वत लेकर बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
बुलंदशहर। ककोड़ क्षेत्र में 7 दिन से लापता मासूम बच्चे का शव रजवाहे में तैरता हुआ मिला है। गुस्साए बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को ककोड़-जेवर हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप था कि ककोड़ थाने में तैनात कांस्टेबल ने रिश्वत लेकर बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, एसएसपी ने आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।

मामला बुलंदशहर क्षेत्र के ककोड़ थाने का है। ककोड़ क्षेत्र के गांव भौरा निवासी चन्द्रपाल का 8 वर्षीय पुत्र विशाल 1 जनवरी को अपने घर के बाहर खेल रहा था। काफी देर तक विशाल अपने घर नही पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई और विशाल की तलाश शुरू कर दी। काफी तलाश करने के बाद भी विशाल का कोई पता नही चल सका। चन्द्रपाल ग्रामीणों के साथ 2-3 जनवरी को ककोड़ थाने पहुंचा और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की और परिजनों से बच्चों को तलाश करने की बात कह कहकर टाल दिया।
विशाल के चाचा की माने तो ककोड़ थाने की पुलिस कई दिनों तक टहलाती रही। 6 जनवरी को 400 रूपए लेकर ककोड़ थाने के हैड कांस्टेबल ने विशाल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, शनिवार को गांव भौरा के रजवाहे में 8 वर्षीय विशाल का शव पड़ा हुआ मिला। विशाल का शव मिलने की सूचना पर पूरा गांव रजवाहे के पास पहुंचा गया। मृतक विशाल के परिजनों शव देखकर भड़क गए और शव को बाहर निकाला और ककोड़ पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने शव को ककोड़-जेवर हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया।

परिजनों की मांग थी कि विशाल के हत्यारों को पुलिस गिरफ्तार करे और ककोड़ पुलिस के खिलाफ लापरवाही और रिश्वत मांगने के लिए कार्रवाई करे। परिजनों का आरोप था कि ककोड़ थाने में तैनात हैड कांस्टेबल शशीपाल ने रिश्वत में 400 रूपए नहीं देने पर 6 दिन तक बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी मानसिंह चौहान और सीओ सिकन्द्राबाद यशवीर ने लोगों को समझाकर शांत कराया और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीइओ यशवीर सिंह ने बताया कि आज सुबह एक बच्चे का शव मिला है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक बच्चे के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ककोड़ के हैड कांस्टेबल पर रिपोर्ट दर्ज करने के ऐवज में रूपए मांगने का आरोप लगाया गया था। एसएसपी के आदेश के बाद हैड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। ये भी पढ़ें: बुलंदशहर: बेटी की शादी का कार्ड देने आया था पिता, गोली मारकर मर्डर












Click it and Unblock the Notifications