मुख्तार अंसारी के बेटे उमर को गाजीपुर पुलिस ने लखनऊ से किया गिरफ्तार, जानिए किस मामले में हुई कार्रवाई
Mukhtar Ansari Son Umar Ansari Arrested: गाजीपुर पुलिस ने शनिवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दारुलशफा स्थित विधायक निवास से की गई, जहां से पुलिस टीम उन्हें सीधे गाजीपुर ले गई।
क्या है मामला?
गाजीपुर के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में उमर अंसारी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने और धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, उमर ने अपने पिता मुख्तार अंसारी की जब्त संपत्ति को छुड़वाने के लिए अदालत में एक याचिका दायर की थी। यह संपत्ति उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्त की गई थी।

फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
इस याचिका में उमर अंसारी ने अपनी मां अफशा अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर वाले दस्तावेज कोर्ट में जमा किए। जांच में स्पष्ट हो गया कि दस्तावेज़ में किए गए हस्ताक्षर अफशा अंसारी के नहीं थे। पुलिस ने इसे एक "सोची-समझी रणनीति" का हिस्सा बताया, जिसके तहत न्यायिक प्रक्रिया को गुमराह कर अवैध लाभ लेने की कोशिश की गई।
ये भी पढ़ें Mukhtar Wife Afsha Ansari News: मुख्तार की पत्नी अफशा भगोड़ा घोषित, सिर पर ₹1 लाख का इनाम!
वकील भी नामजद
इस मामले में सिर्फ उमर अंसारी ही नहीं, बल्कि उनके वकील लियाकत अली को भी नामजद किया गया है। पुलिस का मानना है कि दोनों ने मिलकर इस साजिश को अंजाम दिया।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
- मामले में अपराध संख्या 245/2025 के तहत निम्न BNS धाराओं में केस दर्ज किया गया है:
- धारा 319(2) - न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास
- धारा 318(4) - दस्तावेजों की जालसाजी
- धारा 338 - धोखाधड़ी
- धारा 336(3) - षड्यंत्र
- धारा 340(2) - न्यायालय को झूठे दस्तावेज़ प्रस्तुत करना
ये भी पढ़ें Abbas Ansari News: जिस कानून के तहत जाएगी मुख्तार अंसारी के बेटे की विधायकी, जानें उसके बारे में सबकुछ
अब्बास अंसारी का बयान
उमर की गिरफ्तारी के बाद उनके भाई और सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,"रात्रि 10:40 पर हमारे छोटे भाई उमर अंसारी को दारुल शिफ़ा स्थित आवास से कुछ पुलिसकर्मी अपने साथ ले गये हैं।"
क्या बोले अधिकारी?
गाजीपुर पुलिस ने कहा है कि इस मामले में जांच जारी है और आधिकारिक जानकारी जल्द साझा की जाएगी। उमर अंसारी की गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है और इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications