टीम से बाहर हुए मोहम्मद सिराज तो भर आईं आंखें? मैदान पर दिखे मायूस, वीडियो हुआ वायरल
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज बेंच पर बैठकर ही वापस घर लौटने वाले हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने के बाद मैदान पर उनका जो वीडियो सामने आया, उसने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया।
क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन टॉस के बाद सिराज मैदान पर नजर आए। उन्होंने सनग्लासेस लगा रखे थे और उनका चेहरा काफी मायूस दिखाई दे रहा था। कैमरे ने जब उन्हें दिखाया तो कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मुरली कार्तिक भी उनकी भावनाओं पर बात करने लगे। रहाणे ने सवाल किया कि क्या सिराज रो रहे हैं? वहीं कार्तिक ने कहा कि सिराज भावुक इंसान हैं और उनके लिए टीम से बाहर रहना आसान नहीं होगा।

सिराज को लगातार दूसरे टेस्ट में नहीं मिला मौका
न्यूजीलैंड दौरे पर सिराज को पहले वेलिंगटन टेस्ट में भी खेलने का मौका नहीं मिला था। अब क्राइस्टचर्च में भी टीम प्रबंधन ने उन्हें बाहर रखा। यह उनके टेस्ट करियर में छह साल बाद पहली बार हुआ है, जब वह किसी पूरी विदेशी टेस्ट सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए।
सिराज की गैरमौजूदगी इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में वह भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम 11 टेस्ट मैचों में 43 विकेट दर्ज हैं।
मुरली कार्तिक ने बताई सिराज की भावनाएं
कार्तिक ने कहा कि कुछ खिलाड़ी बाहर होने पर सहज रहते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो चोट या परेशानी के बावजूद देश के लिए खेलने को तैयार रहते हैं। सिराज भी उन्हीं में से हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर टीम प्रबंधन उनकी फॉर्म या नेट्स में गेंदबाजी से संतुष्ट नहीं था तो उन्हें न्यूजीलैंड दौरे पर लाया ही क्यों गया। टीम इंडिया के लिए आज गुरनूर बराड़ ने डेब्यू किया। मैदान पर उनकी मायूसी और लगातार दूसरे टेस्ट से बाहर रहने की स्थिति ने इस मामले को चर्चा का विषय बना दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
