Ye Prem Mol Liya First Review: आयुष्मान-शरवरी की 'ये प्रेम मोल लिया' ने जीता दिल, कैसी है मूवी?
Ye Prem Mol Liya First Review: आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' आज यानी 27 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच उत्सुकता है। फिल्म के ट्रेलर को शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, वहीं इसके गाने भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। अब फिल्म का पहला रिव्यू सामने आ गया है, जिसमें इसकी कहानी, कलाकारों की एक्टिंग और संगीत की जमकर तारीफ की गई है।
'ये प्रेम मोल लिया' को मिला शानदार रिस्पॉन्स
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सूरज बड़जात्या की इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा को लेकर अपना रिव्यू शेयर किया है। उन्होंने फिल्म की भावनात्मक कहानी, पारिवारिक रिश्तों, कलाकारों के अभिनय और संगीत को इसकी बड़ी ताकत बताया है। उनके मुताबिक 'ये प्रेम मोल लिया' बॉक्स ऑफिस पर एक अप्रत्याशित सफलता हासिल कर सकती है।

ईमानदारी और रिश्तों की खूबसूरती से सजी है फिल्म
तरण आदर्श ने फिल्म में राजश्री प्रोडक्शन की पारंपरिक कहानी कहने की शैली की वापसी को खास बताया। उनका कहना है कि फिल्म सादगी, प्रेम, संस्कार, ईमानदारी और रिश्तों की खूबसूरती को बेहद सहज अंदाज में पेश करती है। उन्होंने ये भी कहा कि दर्शकों की भावनाओं से जुड़ने वाली फिल्मों की ताकत को कम करके नहीं आंकना चाहिए।
रिश्तों और पारिवारिक मूल्यों के साथ प्रोग्रेसिव सोच
-तरण आदर्श के मुताबिक जब बड़े बजट और भव्यता वाली फिल्मों का दौर चर्चा में है, ऐसे समय में 'ये प्रेम मोल लिया' दर्शकों को परिवार, अपनी जड़ों और रिश्तों की अहमियत याद दिलाती है। फिल्म केवल परंपराओं और संस्कारों की बात नहीं करती बल्कि बदलते सामाजिक रिश्तों को भी नए नजरिए से देखने की कोशिश करती है।
-इसकी कहानी साझेदारी, समानता और आपसी समझ जैसे जरूरी मुद्दों को सामने रखती है। फिल्म में शादी, परिवार, संगीत, रोमांस और भावनात्मक उतार-चढ़ाव राजश्री की पहचान वाले अंदाज में दिखाई देते हैं लेकिन इसके साथ ही कहानी कुछ स्थापित सामाजिक मान्यताओं को चुनौती भी देती है। यही बात इसे एक सामान्य पारिवारिक फिल्म से अलग बनाती है।
सेकंड हाफ में कहानी पकड़ती है रफ्तार
-तरण आदर्श ने फिल्म के दूसरे भाग को पहले हाफ से ज्यादा प्रभावशाली बताया है। उनके अनुसार सूरज बड़जात्या ने कहानी के सबसे भावुक और अहम हिस्सों को सेकंड हाफ के लिए संभालकर रखा है। फिल्म धीरे-धीरे दर्शकों के दिलों तक पहुंचती है और परिवार, अच्छाई और मानवीय रिश्तों के प्रति विश्वास को मजबूत करती है।
-फिल्म में कोर्टरूम के सीन भी काफी दमदार बताए गए हैं, खासकर शुरुआत में और क्लाइमेक्स से पहले आने वाले सीक्वेंस। प्रार्थना सभा के दौरान स्वानंद किरकिरे का भावनात्मक अंदाज और अनुपम खेर का तोरण रस्म के महत्व को समझाना भी फिल्म के खास पलों में शामिल है।
-हालांकि रिव्यू में ये भी कहा गया है कि फिल्म के पहले हिस्से की पटकथा कुछ जगह और बेहतर हो सकती थी। कहानी में आने वाले उतार-चढ़ाव और बदलती गति के कारण कुछ हिस्सों में इसकी रफ्तार प्रभावित होती है लेकिन बाद में फिल्म अपनी पकड़ मजबूत कर लेती है।
हिमेश रेशमिया का संगीत बना फिल्म की बड़ी ताकत
-फिल्म के संगीत की भी जमकर तारीफ हुई है। तरण आदर्श ने हिमेश रेशमिया के गानों को फिल्म के सबसे मजबूत पहलुओं में से एक बताया है। खास तौर पर टाइटल ट्रैक और 'झुमका पटोला' को उन्होंने बेहद शानदार बताया और इनके चार्टबस्टर बनने की संभावना जताई।
-इसके अलावा 'जय अम्बे बोल' और 'बुलाये छठी माई' जैसे गाने फिल्म के माहौल और आकर्षण को बढ़ाते हैं। संगीत फिल्म की भावनात्मक कहानी के साथ खूबसूरती से जुड़ता है और दर्शकों को इसकी दुनिया में बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
आयुष्मान खुराना, शरवरी और अनुपम खेर की एक्टिंग ने जीता दिल
-तरण आदर्श ने फिल्म के कलाकारों की परफॉर्मेंस को भी सराहा है। आयुष्मान खुराना प्रेम मिश्रा के किरदार में सहज नजर आते हैं। उनके अभिनय में परिपक्वता दिखाई देती है, खासकर भावनात्मक और गंभीर सीन्स में। रिव्यू के मुताबिक उनकी परफॉर्मेंस दर्शकों को प्रभावित करने वाली है।
-शरवरी वाघ भी पूर्वा सोलंकी के किरदार में काफी शानदार लगती हैं। उनकी खूबसूरती के साथ-साथ अभिनय की सहजता और स्क्रीन प्रेजेंस को भी सराहा गया है। वहीं अनुपम खेर ने अपने किरदार में भावनाओं और आत्मविश्वास का बेहतरीन संतुलन बनाया है। उनका अभिनय फिल्म के अहम हिस्सों को और प्रभावशाली बनाता है।गीता अग्रवाल शर्मा की परफॉर्मेंस को भी खास बताया गया है। वह जब-जब स्क्रीन पर आती हैं, अपनी मौजूदगी से सीन्स को प्रभावशाली बना देती हैं।
क्या है 'ये प्रेम मोल लिया' की कहानी?
-सूरज बड़जात्या की फिल्म की कहानी प्रेम मिश्रा (आयुष्मान खुराना) और पूर्वा सोलंकी (शरवरी) के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रेम पेशे से संगीतकार हैं जबकि पूर्वा एक रिपोर्टर है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं लेकिन पूर्वा शादी के बाद भी अपने पुश्तैनी घर और उन 6 महिलाओं को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है, जिनकी जिम्मेदारी वह निभाती है।
-पूर्वा की इस परिस्थिति को समझते हुए प्रेम एक ऐसा फैसला लेता है, जो पारंपरिक सोच से बिल्कुल अलग है। वह अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर जाकर रहने का प्रस्ताव रखता है। इसके बाद दो अलग-अलग परिवार एक ही छत के नीचे साथ रहने लगते हैं और उनकी जिंदगी में कई नए मोड़ आते हैं। ये फैसला न केवल पारिवारिक परंपराओं को चुनौती देता है बल्कि रिश्तों में समझदारी, त्याग, बराबरी और प्रेम के नए मायने भी सामने लाता है।
क्या सिनेमाघरों में दर्शकों का दिल जीत पाएगी फिल्म?
-तरण आदर्श के रिव्यू के मुताबिक 'ये प्रेम मोल लिया', एक साफ-सुथरी, मनोरंजक और भावनाओं से भरपूर पारिवारिक फिल्म है, जो राजश्री की पहचान वाले अंदाज में दर्शकों को बांधने का काम करती है। फिल्म की कहानी भले ही धीरे-धीरे आगे बढ़ती है, लेकिन अपने भावनात्मक पलों और कलाकारों की दमदार परफॉर्मेंस के जरिए दर्शकों से जुड़ने में कामयाब रहती है।
-सूरज बड़जात्या की फिल्मों को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ये फिल्म खास हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि शानदार शुरुआती रिव्यू के बाद फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।


Click it and Unblock the Notifications
