Ye Prem Mol Liya X Review: 'ये प्रेम मोल लिया' ने जीता दिल, आयुष्मान-शरवरी की जोड़ी को मिल रही तारीफ
Ye Prem Mol Liya X Review: आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' आज यानी 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज से पहले ही काफी चर्चा मिल रही थी। ट्रेलर को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला, वहीं फिल्म के गाने भी खूब पसंद किए गए। अब सिनेमाघरों में दस्तक देने के बाद फिल्म को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। दर्शक इसकी कहानी, पारिवारिक भावनाओं, कलाकारों की एक्टिंग और संगीत की तारीफ कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि आखिर सूरज बड़जात्या की इस फिल्म को देखने के बाद दर्शकों का क्या कहना है।
तरण आदर्श ने बताया फिल्म को बड़ा सरप्राइज
फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने 'ये प्रेम मोल लिया' का रिव्यू शेयर करते हुए इसकी कहानी, भावनात्मक पहलुओं, पारिवारिक मूल्यों और कलाकारों के अभिनय की तारीफ की है। उनके मुताबिक सूरज बड़जात्या ने इस फिल्म के जरिए राजश्री की पारंपरिक कहानी कहने की शैली को खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है। उन्होंने फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ा सरप्राइज देने वाली मूवी भी बताया।

रिश्तों की पवित्रता, अच्छाई और परंपराओं पर आधारित है फिल्म
तरण आदर्श ने फिल्म की सादगी, ईमानदारी, रिश्तों की पवित्रता, अच्छाई और परंपराओं को इसकी खासियत बताया। उनका मानना है कि दर्शकों की भावनाओं से जुड़ने वाली फिल्मों की ताकत को कम नहीं आंकना चाहिए क्योंकि ऐसी कहानियां लंबे समय तक दिलों में जगह बना सकती हैं।
दर्शकों को पसंद आई फिल्म, रोमांस को बताया जल्दबाजी
-सोशल मीडिया पर फिल्म देखने वाले दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। एक यूजर ने फिल्म को अच्छा बताते हुए कहा कि यह अपर मिडिल क्लास और अमीर परिवारों के दर्शकों को खास तौर पर पसंद आ सकती है। हालांकि, उन्होंने फिल्म के रोमांस को थोड़ा जल्दबाजी में आगे बढ़ता हुआ बताया।
-दर्शक के मुताबिक आयुष्मान खुराना का किरदार शरवरी के किरदार से पहली बार ठीक से बातचीत करने के दिन ही शादी के लिए प्रपोज कर देता है, जो थोड़ा अचानक लगता है। इसके बावजूद उन्होंने फिल्म को एक अच्छी फैमिली एंटरटेनर बताया और इसकी कहानी को पसंद किया।
'ये प्रेम मोल लिया' को मिले 4 स्टार, भावनाओं की हुई तारीफ
एक अन्य दर्शक ने फिल्म को 5 में से 4 स्टार देते हुए इसे दिल छू लेने वाली कहानी बताया। उनके मुताबिक, फिल्म में भावनाएं, संस्कार, रोमांस और मजबूत पारिवारिक रिश्तों को खूबसूरती से दिखाया गया है। उन्होंने इसे पूरे परिवार के साथ देखने लायक फिल्म बताया और सूरज बड़जात्या की कहानी कहने के अंदाज की तारीफ की। साथ ही आयुष्मान खुराना और शरवरी की एक्टिंग को भी प्रभावशाली बताया। शुरुआती प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिल्म की पारिवारिक अपील और भावनात्मक कहानी दर्शकों को पसंद आ रही है।
क्या है 'ये प्रेम मोल लिया' की कहानी?
-फिल्म की कहानी प्रेम मिश्रा (आयुष्मान खुराना) और पूर्वा सोलंकी (शरवरी) के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रेम एक संगीतकार है जबकि पूर्वा पेशे से रिपोर्टर है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं, लेकिन पूर्वा शादी के बाद भी अपना पुश्तैनी घर और उन छह महिलाओं को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होती, जिनकी जिम्मेदारी वह निभाती है।
-पूर्वा की इस स्थिति को समझते हुए प्रेम एक अलग रास्ता चुनता है। वह अपने परिवार के साथ पूर्वा के घर जाकर रहने का फैसला करता है। इसके बाद दो अलग-अलग परिवार एक ही छत के नीचे साथ आते हैं। प्रेम का यह फैसला पारंपरिक पारिवारिक व्यवस्था से अलग है और यहीं से कहानी में नए रिश्तों, भावनाओं, चुनौतियों और बदलावों का सिलसिला शुरू होता है।
क्या बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी सूरज बड़जात्या की फिल्म?
-'ये प्रेम मोल लिया' को शुरुआती दौर में दर्शकों और फिल्म समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की पारिवारिक कहानी, कलाकारों की एक्टिंग, संगीत और भावनात्मक जुड़ाव इसकी मजबूत खूबियां बनकर सामने आए हैं। हालांकि, रोमांस की गति को लेकर कुछ दर्शकों ने अपनी राय भी जाहिर की है।
-फिलहाल शुरुआती रिव्यू फिल्म के पक्ष में नजर आ रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शकों का यह प्यार बॉक्स ऑफिस पर कितना असर दिखाता है और क्या सूरज बड़जात्या की यह फिल्म सिनेमाघरों में एक बड़ी सफलता हासिल कर पाती है।


Click it and Unblock the Notifications
