अस्पताल के वॉशरूम में मां ने दिया बच्चे को जन्म, नर्स ने नहीं की मदद, मौत
बलरामपुर। यूपी के बलरामपुर जिला मुख्यालय स्थित महिला चिकित्सालय में एक बार फिर डॉक्टर व स्टाफ नर्सों का अमानवीय चेहरा उजागर हुआ है। यहां प्रसव के लिए आई एक प्रसूता ने अस्पताल के वॉशरूम में ही बच्चे को जन्म दे दिया। प्रसव के दौरान सर फंस जाने के कारण नवजात की मौत हो गई। घटना की सूचना पीड़ित परिजनों ने जिलाधिकारी से दोषी स्टाफ नर्स के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

डॉक्टर ने खून का इंतजाम करने को कहा
मामला जिला महिला चिकित्सालय का है जहां शनिवार की सुबह करीब 5:00 बजे अंशिका देवी उम्र 26 वर्ष को एंबुलेंस से लाकर उसके पति विजय कुमार ने जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। जहां प्रथम जांच के बाद डॉ पी के मिश्रा ने प्रसूता के शरीर मे खून की कमी होने की बात कही और खून लाने को कहा, जिसके बाद प्रसूता का पति विजय कुमार जिला संयुक्त अस्पताल ब्लड बैंक में खून लाने के लिए गया। लेकिन ब्लड डोनर ना मिलने के कारण से खून नहीं मिल सका और इस बात की सूचना उसने डॉ पी के मिश्रा को दी जिसके बाद डॉक्टर ने उसे खून का इंतजाम करने की बात कही और यह भी बताया कि जब खून मिलेगा तभी नॉर्मल डिलीवरी संभव हो सकेगी।

वॉशरूम में हुआ प्रसव
कुछ घंटों बाद ही प्रसूता को तेज दर्द होने लगा जिसके बाद वह वॉशरूम गई और वहीं उसका प्रसव हो गया। उसने एक बच्चे को जन्म दिया जन्म के दौरान बच्चे का सर फंस गया। आनन-फानन में परिजनों ने डॉक्टर व स्टाफ नर्स को वॉशरूम में प्रसव होने की सूचना दी और उपचार करने की गुहार लगाई लेकिन ना तो डॉक्टर और ना ही कोई स्टाफ नर्स वॉशरूम में प्रसूता को देखने गई। इसके उलट स्टाफ नर्सों ने प्रसूता के पति व परिजनों से कहा कि किसी तरह उसे उठाकर लेबर रूम तक ले आओ तो हम बच्चे को बाहर निकाल देंगे। प्रसूता के पति व परिजनों ने मिलकर किसी तरह प्रसूता को जिला चिकित्सालय के लेबर रूम तक पहुंचाया जहां स्टाफ नर्स ने बच्चे का सर बाहर निकाला तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।

डॉक्टर और नर्स ने नहीं की मदद
परिजनों का आरोप है कि जब प्रसूता ने बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया था तभी अगर समय पर स्टाफ नर्स व डॉक्टर इलाज करते तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी लेकिन उनकी लापरवाही के चलते नवजात की जान चली गई। पूरे मामले पर प्रसूता के पति विजय कुमार ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर दोषी स्टाफ नर्सों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले पर जानकारी देते हुए जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। जांच के निर्देश दे दिए गए हैं, रिपोर्ट आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications