अलीगढ़ में 'विष्णु का अवतार' बताकर सड़क पर मचाया तांडव, पुलिसवाले को भी पीटा
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिसकर्मियों को वाहन चैकिंग करना भारी पड़ गया। यहां चैकिंग के दौरान एक युवक ने खुद को भगवान विष्णु का अवतार बताकर जमकर उत्पात मचाया। सरेआम ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। इतना ही नहीं युवक ने पुलिसकर्मी का मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया। तत्काल सूचना पर पुलिस युवक को थाने ले गई।

मामला क्वारसी चौराहे का है। यहां ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने रोहित नाम के एक युवक की बाइक रोक ली। रोहित की ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से नोकझोंक शुरू हो गई। धीरे-धीरे माहौल इतना खराब हो गया कि रोहित अपनी बाइक पर जोर-जोर से हाथ मारने लगा। इस दौरान रोहित खुद को भगवान विष्णु का अवतार बताने लगा। उसका रौद्र रूप देखकर पुलिसकर्मी उसका वीडियो बनाने लगे तो उसने उनके साथ अभद्रता की और मोबाइल फोन को सड़क पर मारकर तोड़ दिया।
बता दें कि इस दौरान सड़क पर भीड़ लग गई और लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को थाने ले आई। ट्रैफिककर्मी नरेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक वाला चौराहे पर आया और बदतमीजी करने लगा। गाली-गलौच करने लगा और उसने मोबाइल तोड़ दिया। युवक को कुछ भी नहीं कहा गया था और वह खुद को विष्णु का अवतार बताने लगा। हालांकि युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें: शिवपाल यादव ने की तैयारी, नई पार्टी और नए चुनाव चिन्ह के साथ इस सीट से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव!












Click it and Unblock the Notifications