अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण को लेकर आया बड़ा अपडेट, जानें कब रामलला होंगे स्थापित
अयोध्या, सितंबर 12। धर्मनगरी अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। राम मंदिर निर्माण समिति की सोमवार को हुई एक बैठक के बाद यह जानकारी दी गई कि मंदिर का ग्राउंड फ्लोर का निर्माण दिसंबर 2023 तक पूरा हो जाएगा और उसके 15 दिनों के बाद यानि 14 जनवरी 2024 के आसपास मंदिर में भगवान राम की स्थापना की जाएगी। यह जानकारी राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दी।

मंदिर पर 1800 करोड़ रुपए अनुमानित लागत
चंपत राय ने बताया कि भगवान राम के भव्य मंदिर के बजट को भी बढ़ाया गया है। अब इस मंदिर निर्माण का अनुमानित बजट 1800 करोड़ रुपए हो गया है। राम मंदिर तीन मंजिला होगा। इसके अलावा रामलला का परिक्रमा मार्ग करीब एक किलोमीटर लंबा होने का अनुमान है और इसी बात को ध्यान में रखते हुए न्यास की बैठक में तय किया गया कि परिक्रमा मार्ग पर निश्चित दूरी पर बैंच बनाए जाएं, ताकि भक्त आवश्यकतानुसार परिक्रमा मार्ग पर विश्राम कर सकें।
मंदिर परिसर में हरियाली पर दिया जा रहा है ध्यान
आपको बता दें कि 75 एकड़ के रामजन्मभूमि परिसर में बन रहे भव्य राम मंदिर के साथ विश्व की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने की योजना है। इसी क्रम में कई निर्माण भी प्रस्तावित हैं। ट्रस्ट की योजना है कि जरूरी निर्माण हो, लेकिन निर्माण कम हो और हरियाली पर ज्यादा जोर दिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications