JoSAA Counselling 2026 में भूलकर भी न करें ये 9 मिस्टेक, सीट लॉक करने से पहले समझ लें पूरा कांसेप्ट
JoSAA Counselling 2026: JEE Main और JEE Advanced 2026 में सफल हुए लाखों छात्रों के लिए अब अगला बड़ा चरण JoSAA Counselling 2026 है। काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है और आज 2 जून शाम 5 बजे से रजिस्ट्रेशन व चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 11 जून तक छात्र अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच का चयन कर सकेंगे।
इसी दौरान सही फैसला लेना बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी सी गलती भी मनपसंद सीट मिलने की संभावना को प्रभावित कर सकती है। हर साल कई छात्र जल्दबाजी, अधूरी जानकारी या गलत रणनीति के कारण नुकसान उठा लेते हैं। ऐसे में काउंसलिंग के दौरान कुछ आम गलतियों से बचना बहुत जरूरी है ताकि बेहतर कॉलेज और कोर्स पाने का मौका मजबूत हो सके।

काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल
JoSAA के कार्यक्रम के अनुसार रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग 2 जून से शुरू हो चुकी है। चॉइस फिलिंग की अंतिम तारीख 11 जून है। पहला मॉक सीट अलॉटमेंट 8 जून को जारी होगा, जबकि दूसरा मॉक अलॉटमेंट 10 जून को घोषित किया जाएगा। पहले राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 13 जून को आएगा।
ये भी पढ़ें: CBSE Revaluation 2026: पहले बदली तारीख, अब पोर्टल पर दिखा 'Under Maintenance' का बोर्ड, कब खुलेगी वेबसाइट?
कम विकल्प भरने की गलती न करें
कई छात्र केवल कुछ चुनिंदा कॉलेजों या ब्रांचों को ही अपनी सूची में शामिल करते हैं। इससे सीट मिलने की संभावना कम हो सकती है। छात्रों को अपनी रैंक के अनुसार अधिक से अधिक विकल्प भरने चाहिए। ड्रीम कॉलेज, टारगेट कॉलेज और सुरक्षित विकल्पों को भी सूची में शामिल करना बेहतर माना जाता है।
सिर्फ कॉलेज का नाम देखकर फैसला न लें
कई बार छात्र किसी बड़े संस्थान का नाम देखकर ऐसी ब्रांच चुन लेते हैं जिसमें उनकी रुचि नहीं होती। यह फैसला आगे चलकर परेशानी पैदा कर सकता है। कॉलेज के साथ-साथ यह भी देखें कि जिस विषय को चुन रहे हैं उसमें आपकी दिलचस्पी और भविष्य की योजना क्या है।
पुराने कटऑफ जरूर देखें
बिना पिछले वर्षों के ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक देखे चॉइस भरना नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि हर साल कटऑफ बदलते हैं, लेकिन पुराने आंकड़े यह समझने में मदद करते हैं कि किसी कॉलेज या ब्रांच में प्रवेश की संभावना कितनी है।
मॉक सीट अलॉटमेंट को नजरअंदाज न करें
JoSAA द्वारा जारी किए जाने वाले मॉक सीट अलॉटमेंट छात्रों को अपनी संभावनाएं समझने का मौका देते हैं। यदि मॉक रिजल्ट उम्मीद के अनुसार नहीं आता है तो छात्र समय रहते अपनी चॉइस में बदलाव कर सकते हैं।
पसंद के बजाय संभावना के आधार पर लिस्ट न बनाएं
कुछ छात्रों को लगता है कि आसान विकल्पों को ऊपर रखने से सीट मिलने के अवसर बढ़ जाते हैं। यह धारणा गलत है। JoSAA की प्रक्रिया में हमेशा आपकी सबसे ऊंची पसंद को पहले देखा जाता है। इसलिए विकल्पों को उसी क्रम में रखें जिस क्रम में आप उन्हें पाना चाहते हैं।
दोस्तों की पसंद की नकल करने से बचें
हर छात्र की रैंक, रुचि, करियर लक्ष्य और स्थान की पसंद अलग होती है। इसलिए केवल दोस्तों की सलाह या उनकी चॉइस देखकर अपनी सूची तैयार करना सही नहीं है। अपना फैसला खुद की जरूरतों और संभावनाओं को ध्यान में रखकर लें।
चॉइस लॉक करना न भूलें
कुछ छात्र यह मान लेते हैं कि उनकी चॉइस अपने आप फाइनल हो जाएगी। हालांकि समय सीमा से पहले चॉइस को जांचना और लॉक करना जरूरी होता है। अंतिम सूची की एक कॉपी अपने पास सुरक्षित रखना भी अच्छा विकल्प है।
नए IIT, NIT और IIIT को भी मौका दें
कई छात्र केवल कुछ चर्चित संस्थानों पर ही ध्यान देते हैं। जबकि नए IIT, NIT और IIIT भी अच्छी पढ़ाई, प्लेसमेंट और इंडस्ट्री कनेक्शन के अवसर दे रहे हैं। केवल नाम के आधार पर फैसला लेने के बजाय संस्थान की पूरी जानकारी जरूर जुटाएं।
Freeze, Float और Slide को समझ लें
सीट मिलने के बाद छात्रों को Freeze, Float और Slide जैसे विकल्प मिलते हैं।
Freeze: मिली हुई सीट स्वीकार कर आगे की प्रक्रिया से बाहर हो जाना।
Float: वर्तमान सीट स्वीकार करना लेकिन बेहतर पसंद वाले संस्थान के लिए अगले राउंड में बने रहना।
Slide: उसी संस्थान में रहते हुए बेहतर पसंद की ब्रांच मिलने का इंतजार करना।
आखिरी समय तक इंतजार करना पड़ सकता है महंगा
अंतिम दिन वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक, इंटरनेट की समस्या या किसी तकनीकी दिक्कत के कारण परेशानी हो सकती है। इसलिए चॉइस फिलिंग जल्द पूरी करें और बचा हुआ समय सूची की दोबारा समीक्षा करने में लगाएं।
ये भी पढ़ें: CBSE Row: कौन है Coempt EduTeck का मालिक? पवन खेड़ा के आरोपों के बाद चर्चा में आई हैदराबाद की कंपनी












Click it and Unblock the Notifications