पीएम को इस तरह की गलत बातें नहीं करनी चाहिए: कांग्रेस
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश की चुनावी रैली में कहा था कि गांव में अगर कब्रिस्तान बनता है तो शमशान भी बनना चाहिए। रमजान में बिजली मिलती है तो दिवाली पर भी बिजली मिलनी चाहिए।
Uttar Pradesh
oi-Rizwan
By Rizwan
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में चुनावी रैली के दौरान पीएम मोदी के 'रमजान और दिवाली पर बिजली' और 'श्मसान और कब्रिस्तान' के बयान पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताया है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री को इस तरह के गलत और गैर-जिम्मेदाराना बयान नहीं देने चाहिएं। आनंद शर्मा ने चुनाव आयोग से भी पीएम के बयान पर संज्ञान लेने का आग्रह किया है।
रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में उन्होंने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि ये सरकार एक ही धर्म के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि गांव में अगर कब्रिस्तान बनता है तो शमशान भी बनना चाहिए। रमजान में बिजली मिलती है तो दिवाली पर भी बिजली मिलनी चाहिए। होली पर बिजली मिलती है तो ईद पर भी बिजली मिलनी चाहिए। जाति धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। ऊंच नीच नहीं होनी चाहिए। सरकार का काम है भेदभाव मुक्त शासन चलाना है ना कि भेदभाव करना।
हम चुनाव जीत रहे हैं: सुरजेवाला
वहीं रविवार को तीसरे चरण के मतदान के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पांच राज्यों में चुनाव हो रहे हैं और पांचों जगह भाजपा बुरी तरह से हार रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव के तीसरे चरण के बाद ये साफ हो गया है कि उत्तर-प्रदेश में सपा और कांग्रेस का गठंबधन बहुमत से सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में गठबंधन की ओर लोग बहुत उम्मीद से देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश चुनाव के तीसरे चरण में रविवार को 12 जिलों की 69 सीटों के लिए 61.16 प्रतिशत मतदान हुआ। फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी और सीतापुर जिले की 69 सीटों पर 61. 16 प्रतिशत वोट पड़े। पढ़ें-अखिलेश यादव यूपी का चुनाव हार चुके हैं- नरेंद्र मोदी