यूपी: पुलिस जीप की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, गुस्साए लोगों ने बनाया पुलिस वालों को बंधक
सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर में बड़ा मामला सामने आया है। यहां क्षेत्र के बुबका-कोठडी मार्ग पर बिहारीगढ़ थाना पुलिस की जीप की टक्कर लगने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एसओ बिहारीगढ़ प्रेमवीर सिंह राणा और जीप में सवार अन्य पुलिस कर्मियों को बंधक बनाने के बाद रास्ता जाम कर दिया। बाद में पीड़ित परिवारजनों को आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया गया है।

घटनाक्रम के मुताबिक बेहट के ग्राम मांझीपुर निवासी मोहतरम मंगलवार को अपने बेटे अनस के साथ कलसिया की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक बुबका कोठडी मुख्य मार्ग पर पहुंची, तभी सामने से आ रही बिहारीगढ़ थाना पुलिस की जीप से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोहतरम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनस ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान पुलिस जीप का एक टायर भी फट गया। मौके पर ग्रामीण इक्ट्ठा हो गए और उन्होंने एसओ बिहारीगढ़ प्रेमवीर सिंह राणा तथा जीप में सवार अन्य पुलिस कर्मियों को एक मकान में बंधक बनाने के बाद मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ ब्रहमपाल सिंह तथा एसडीएम शिवनारायण शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। बाद में बेहट विधायक नरेश सैनी, पूर्व एमएलसी उमर अली खान मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन देकर किसी तरह मामले को शांत कराया। बताया जा रहा है कि एसओ प्रेमवीर सिंह राणा भी अपनी ओर से तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद पीड़ित परिवार को करेंगे।
ये भी पढ़ें- ईडन गार्डन नहीं अब यहां बनेगा देश का सबसे बड़ा स्टेडियम, इतने दर्शक देख सकेंगे मैच












Click it and Unblock the Notifications