यूपी: फॉरेस्ट रेंजर को फंसाने के लिए दोस्त ने की थी माले नेता हिम्मत कोल की हत्या
मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर जिले में माले(मार्क्सवादी-लेनिन) नेता की हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। यहां वन रेंजर को फंसाने के लिए दोस्त ने ही माले नेता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हलिया पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मार्क्सवादी नेता हिम्मत कोल के हत्यारे को दुर्जनीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक शालिनी ने पुलिस लाइन में किया। एसपी ने घटना का अनावरण करने वाली टीम को डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव की ओर से 10 हजार रुपए पुरस्कार की घोषणा की।

जंगल में मारी गोली
हलिया थाना क्षेत्र के बबुरा रघुनाथ सिंह गांव निवासी मार्क्सवादी नेता 55 वर्षीय हिम्मत कोल का वन विभाग की ओर से हो रहे पौधरोपण को लेकर विवाद भी चल रहा था। इस बीच 17 अक्टूबर की रात गांव में दुर्गा पुजा महोत्सव में शामिल हिम्मत कोल को किसी का फोन आया और वो वहां चला गया। अगले दिन सुबह कचकड़वा नाले के पास हिम्मत कोल का शव बरामद हुआ। हिम्मत कोल की मौत गोली लगने की वजह से हुई थी।

रेंजर समेत तीन पर दर्ज हुआ था मुकदमा
हिम्मत कोल के पुत्र चंद्रप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने रेंजर भाष्कर पांडेय, वन दरोगा व वाचर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मामले की छानबीन में जुट गई। एसपी शालिनी ने बताया कि छानबीन के दौरान सर्विलांस की मदद से पुख्ता जानकारी हाथ लगी। छानबीन में तथ्यों के सामने आने पर टीम ने संदिग्धों को पकड़ने के लिए दबिश डालना शुरू किया। मुखबिर की सूचना पर हलिया थाना प्रभारी विश्वज्योति राय और क्राइम ब्रांच स्वाट प्रभारी रामस्वरूप वर्मा ने टीम के साथ कोरांव /दुर्जनीपुर मोड़ के पास से हत्यारोपित अदालत प्रसाद कोल निवासी पवारी कला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दूसरे आरोपित धर्मराज को गिरफ्तार करने में लगी है।

रेंजर को फंसाने के लिए की थी हत्या
पूछताछ में अदालत कोल ने बताया कि वन विभाग के रेंजर भाष्कर पांडेय प्रताड़ित करते थे। हमारी जमीन छिन लिए जाने और फर्जी मुकदमे में फंसने से बचने के लिए हमने मित्रों के साथ मिलकर प्लान बनाकर हिम्मत कोल को बुलाया और गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हम लोगों ने गांव में प्रचार करवाया कि रेंजर और उसके साथियों ने हत्या की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, एक कारतूस बरामद किया है। दूसरा आरोपी धर्मराज फरार है, जिसको पकड़ने के लिए टीम को लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications