पाकिस्तान को मिल गई टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी, भारतीय टीम खेलने नहीं जाएगी, ICC ने की घोषणा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने साल 2028 में होने वाले महिला टी20 विश्व कप के लिए अपने रोडमैप का ऐलान कर दिया है। इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को सौंपा गया है। घरेलू मैदान पर होने वाले इस इवेंट को लेकर पड़ोसी देश में काफी उत्साह है।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव भी सामने आया है। भारतीय महिला टीम के सभी मुकाबले पाकिस्तान से बाहर किसी न्यूट्रल (तटस्थ) वेन्यू पर आयोजित किए जाएंगे। आईसीसी ने यह कदम हाइब्रिड मॉडल की नीति के तहत उठाया है, ताकि बिना किसी बाधा के टूर्नामेंट पूरा हो सके।

यह पहला मौका नहीं है जब सुरक्षा और कूटनीतिक कारणों से ऐसा फैसला लिया गया हो। इससे पहले पुरुषों की चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान भी भारत-पाकिस्तान मैचों के लिए इसी तर्ज पर न्यूट्रल ग्राउंड फॉर्मूला अपनाया गया था। वैश्विक संस्था ने इवेंट को प्रभावित होने से बचाने के लिए ऐसा कदम उठाया है।
प्रतियोगिता के प्रारूप की बात करें तो 2028 के इस महाकुंभ में कुल 12 टीमें चमचमाती ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ेंगी। टूर्नामेंट में सीधे प्रवेश के लिए आईसीसी ने कड़े नियम बनाए हैं, जिसके तहत कुल 10 टीमों को सीधे ग्रुप स्टेज में जगह दी जाएगी।
इस सीधी एंट्री में पिछले टी20 विश्व कप की शीर्ष आठ टीमें शामिल होंगी। इसके साथ ही मेजबान होने के नाते पाकिस्तान को डायरेक्ट टिकट मिलेगा, जबकि बची हुई जगह रैंकिंग के आधार पर तय होगी। बाकी बची दो टीमों का फैसला एक ग्लोबल क्वालिफायर टूर्नामेंट के जरिए किया जाएगा।
यह तो साफ़ हो गया कि टीम इंडिया के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित किए जाएंगे लेकिन स्थान के बारे में खुलासा इवेंट के समय पता चलेगा। इसमें अभी काफी समय है। संभवतः टीम इंडिया का वेन्यू यूएई के किसी स्टेडियम में हो सकता है। भारत में महिला वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भी पाकिस्तान के मुकाबले श्रीलंका में आयोजित हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications