भाजपा ने नेताओं को दी हिदायत, कहा- होर्डिंग्स और बैनर लगाकर टिकट मांगा तो होगी कार्रवाई
लखनऊ, अगस्त 18। उत्तर प्रदेश में विधानमंडल का मानसून सत्र चल रहा है। योगी सरकार बुधवार को अपना अनुपूरक बजट पेश करने वाली है। इससे पहले मंगलवार देर रात को लोकभवन में भाजपा के विधायकों को एक डिनर दिया गया था। इस बैठक में भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। लगभग 200 विधायकों की मौजूदगी के बीच पार्टी के प्रदेश चीफ स्वतंत्रदेव सिंह ने टिकट के दावेदारों को आगाह करते हुए कहा कि टिकट मांगना बुरी बात नहीं है कि लेकिन टिकट के दावेदारी को लेकर किसी विधानसभा में यदि होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए तो पार्टी इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेताओं को मिली हिदायत
लोकभवन में आयोजित इस डिनर पार्टी में सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, भाजपा के यूपी प्रभारी राधा मोहन सिंह मौजूद रहे। इस दौरान यहां मौजूद विधायकों को इस बात की सीख दी गई कि सदन के भीतर और सदन के बाहर किस तरह का आचरण होना चाहिए। पार्टी को अब चुनाव में जाना है लिहाजा सभी लोग अपने कार्यशैली और आचरण पर खास ध्यान दें।
बीजेपी विधायकों को आचरण सुधारने की नसीहत
बैठक में मौजूद एक विधायक ने वन इंडिया डॉट काम से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। विधायक का दावा है बैठक में लगभग 200 विधायक मौजूद थे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी दोनों ने इस बात को कि विधायक हमेशा इस बात का ख्याल रखें कि सदन के भीतर और बाहर उनका आचरण ठीक रहे। पार्टी को चुनाव में जाने से पहले सभी विधायकों को अपने आचरण में बदलाव लाना होगा। स्वतंत्रदेव सिंह ने विधायकों से कहा कि किसी भी तरह का सरकारी विज्ञापन जारी करते समय उसमें पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी की तस्वीर का इस्तेमाल जरूर करें।
विधानसभा में होर्डिंग्स व बैनर लगाकर दावेदारी की एक्शन लेगी पार्टी
विधायक ने कहा, '' बहुत सारे विधायक टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। टिकट मांगना बुरी बात नहीं है लेकिन इसका तरीका सही होना चाहिए। टिकट चाहिए तो अपना बायोडाटा प्रॉपर चैनल के माध्यम से पार्टी के सामने रखें। किसी भी विधानसभा में यदि टिकट की दावेदारी को लेकिर किसी की तरफ भी बैनर, पोस्टर, होर्डिग्स का इस्तेमाल किया जाएता तो पार्टी उस व्यक्ति के खिलाफ कड़ा एक्शन लेगी।''
डिनर में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है इसलिए सभी को चाहिए कि वह कम से कम 75 लोगों को अपने साथ जोड़ने का काम करे चाहे वह खेल से जुडा व्यक्ति हो, डॉक्टर हो, इंजीनियर हो या किसी फील्ड से जुड़ाव रखता हो। इससे पार्टी को काफी फायदा मिलेगा। विधायकों ने इस दौरान अपनी बातें भी नेतृत्व के सामने रखीं जिसपर अमल करने का भरोसा प्रदेश के नेताओं की ओर से दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications