आस्ट्रेलिया से डिंपल को 'गुलाबी खत' भेजा करते थे अखिलेश, पहली नजर में आया था पहाड़ी बाला पर दिल
लखनऊ, 01 जुलाई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव आज 48 बरस के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर जहां पार्टी कार्यकर्ता सुबह से उनके लिए मंगलगान कर रहे हैं, वहीं दूसरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें फोन करके जन्मदिन की बधाई दी है। सपा पार्टी के लिए 'कृष्ण' बने अखिलेश यादव के इंजीनियरिंग से सीएम की कुर्सी तक पहुंचने के सफर के बारे में तो हर किसी को पता है लेकिन आज उनके 'बर्थडे' पर हम आपको बताएंगे उनके जीवन के उस पहलू के बारे में जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं।

'अखिलेश यादव - बदलाव की लहर'
दरअसल तीन बच्चों के पिता अखिलेश यादव की अगर पर्सनल लाइफ पर आप नजर डालेंगे तो आप पाएंगे कि अखिलेश यादव दिल से बेहद रोमांटिक हैं। कॉलेज के दिनों में वो पहाड़ी बाला डिंपल (जो अब उनकी पत्नी हैं) को 'गुलाबी खत' लिखा करते थे। ये कहना हमारा नहीं है बल्कि इस बात का जिक्र लेखिका सुनीता एरन की किताब 'अखिलेश यादव - बदलाव की लहर' में है, जिन्होंने सपा के 'टीपू' यानी अखिलेश यादव और उनकी प्रेम कहानी के बारे में विस्तार से लिखा है।

पहली नजर में आया था पहाड़ी बाला पर दिल
किताब के मुताबिक अखिलेश ने पहली बार जब डिंपल को देखा था , तब उनकी उम्र मात्र 21 साल की थी और डिंपल की उम्र 17 साल की थी। पहली नजर में ही अखिलेश को पहाड़ी बाला डिंपल भा गई थीं। एक कॉमेन फ्रेंड के जरिये दोनों की मुलाकात हुई थी और ये मुलाकात कब जिंदगी बन गईं दोनों को पता ही नहीं चला। करीब चार साल तक दोनों ने दुनिया से अपने रिश्तों को बचाए और छुपाए रखा था। एरन की किताब के मुताबिक अखिलेश जब आस्ट्रेलिया गए तो वो वहां से वो डिंपल को 'गुलाबी खत' लिखा करते थे।

डिंपल को गुलाबी खत भेजा करते थे अखिलेश
अखिलेश जब तक ऑस्ट्रेलिया रहे तब तक वो वहां से डिंपल को लेटर भेजा करते थे, जिसका जवाब डिंपल भी दिया करती थीं। लेकिन पढ़ाई के बाद जब उनकी वतन वापसी हुई तब जाकर नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के सामने अखिलेश के इश्क की बातें सामने आईं। कहते हैं ना कि वो इश्क ही क्या जिसमें परेशानियां ना आए, हर प्रेम-कहानी की तरह अखिलेश-डिंपल की भी लव स्टोरी में काफी उतार-चढ़ाव आए।

डिंपल-अखिलेश की शादी साल 1999 में हुई
कहा जाता है कि मुलायम सिंह इस शादी के लिए तैयार नहीं थे लेकिन बाद में उन्हें अपने बेटे के प्यार को हरी झंडी देनी ही पड़ी लेकिन शायद आज उन्हें अपने इस फैसले पर गर्व होगा क्योंकि डिंपल ने ना केवल खुद को अखिलेश के प्यार में अपने आप को रंगा बल्कि उनके कर्म यानी राजनीति की राह पर भी वो अपने पति संग कदम से कदम मिलाकर चलीं और उनके हर अच्छे-बुरे वक्त में वो उनके साथ साए की तरह खड़ी नजर आती हैं। मालूम हो कि डिंपल-अखिलेश की शादी साल 1999 में हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications