Agnipath Scheme के विरोध में उतरे अखिलेश यादव, वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'आउटसोर्स का विषय नहीं है फौज'
Agnipath Scheme के विरोध में उतरे अखिलेश यादव, वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'आउटसोर्स का विषय नहीं है फौज'
लखनऊ, 16 जून: 'अग्निपथ स्कीम' को लेकर देश के कई राज्यों में भारी विरोध हो रहा है। बिहार के युवा सबसे ज्यादा उग्र है और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शनकारी छात्र अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कैमूर में ट्रेन में आग लगा दी। उत्तर प्रदेश में भी कई शहरों में युवा सड़क पर उतर आए हैं। बुलंदशहर, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर में युवाओं ने प्रदर्शन किया। तो वहीं, अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर तीखा तंज कसा है। इससे पहले मायावती ने भी इस योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
Recommended Video

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार 16 जून को अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो ट्वीट करने के साथ ही अखिलेश यादव ने लिखा,
देश के भावी सैन्य बलों पर बल का दुरुपयोग करके भाजपा सरकार युवाओं का मनोबल गिरा रही है। 'भारत माता' का उद्घोष झूठे दिखावे का नहीं; सच्ची देशभक्ति का प्रतीक होना चाहिए। सेना का ठेकेदारीकरण देश और सच्चे देश भक्त युवाओं के लिए विश्वासघात के समान है। फ़ौज आउटसोर्स का विषय नहीं है।
इससे पहले अखिलेश यादव ने लिखा, 'देश की सुरक्षा कोई अल्पकालिक या अनौपचारिक विषय नहीं है, ये अति गंभीर व दीर्घकालिक नीति की अपेक्षा करती है। सैन्य भर्ती को लेकर जो ख़ानापूर्ति करनेवाला लापरवाह रवैया अपनाया जा रहा है, वो देश और देश के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए घातक साबित होगा। 'अग्निपथ' से पथ पर अग्नि न हो।'
तो वहीं, मायावती ने अग्निपथ योजना को लेकर ट्वीट किया है। मायावती ने लिखा, 'सेना में काफी लम्बे समय तक भर्ती लम्बित रखने के बाद अब केन्द्र ने सेना में 4 वर्ष अल्पावधि वाली 'अग्निवीर' नई भर्ती योजना घोषित की है, उसको लुभावना व लाभकारी बताने के बावजूद देश का युवा वर्ग असंतुष्ट एवं आक्रोशित है। वे सेना भर्ती व्यवस्था को बदलने का खुलकर विरोध कर रहे हैं। इनका मानना है कि सेना व सरकारी नौकरी में पेंशन लाभ आदि को समाप्त करने के लिए ही सरकार सेना में जवानों की भर्ती की संख्या को कमी के साथ-साथ मात्र चार साल के लिए सीमित कर रही है, जो घोर अनुचित तथा गरीब व ग्रामीण युवाओं व उनके परिवार के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है।'
मायावती ने आगे लिखा, 'देश में लोग पहले ही बढ़ती गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी एवं सरकार की गलत नीतियों व अहंकारी कार्यशैली आदि से दुःखी व त्रस्त हैं, ऐसे में सेना में नई भर्ती को लेकर युवा वर्ग में फैली बेचैनी अब निराशा उत्पन्न कर रही है। सरकार तुरंत अपने फैसले पर पुनर्विचार करे, बीएसपी की यह मांग है।' इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से बेहद जरूरी अपील की है। सीएम योगी ने कहा कि किसी के बहकावे में न आएं।
सीएम योगी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'युवा साथियो, 'अग्निपथ योजना' आपके जीवन को नए आयाम प्रदान करने के साथ ही भविष्य को स्वर्णिम आधार देगी। आप किसी बहकावे में न आएं। मां भारती की सेवा हेतु संकल्पित हमारे 'अग्निवीर' राष्ट्र की अमूल्य निधि होंगे व @UPGovt अग्निवीरों को पुलिस व अन्य सेवाओं में वरीयता देगी।'












Click it and Unblock the Notifications