Agra News: मरीज बनकर छापेमारी में करोड़ों की नकली दवाएं जब्त, कारोबारी बोला- एक करोड़ ले लो, मामला खत्म करो
Agra News: आगरा में नकली और सैंपल दवाओं का काला कारोबार उस वक्त बेनकाब हुआ, जब एसटीएफ और औषधि विभाग ने मिलकर शहर के कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की। फव्वारा इलाके में स्थित मेडिकल स्टोर्स और गोदामों से करोड़ों रुपये की दवाएं बरामद हुईं।
छापेमारी के दौरान टीम को देखकर कारोबारी सकते में आ गए। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि दवाओं की पैकिंग इतनी असली जैसी थी कि कंपनी प्रतिनिधि भी धोखा खा गए। खास बात यह रही कि नकली दवाओं पर क्यूआर कोड भी लगाए गए थे।

शनिवार देर रात तक कार्रवाई जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पहले ही 80 लाख की दवाएं जब्त की गई थीं और इसके अगले ही दिन 2.43 करोड़ की बड़ी खेप पकड़ी गई। यह आंकड़ा देखकर अधिकारियों को भी कारोबार के स्तर का अंदाजा हो गया।
करोड़ों की रिश्वत की पेशकश
जब टीम ने कारोबारी हिमांशु अग्रवाल से पूछताछ शुरू की तो उसने जांच रोकने के लिए एक चौंकाने वाला प्रस्ताव दिया। पहले उसने 1 करोड़ रुपये की रिश्वत ऑफर की लेकिन इनकार होने पर रकम दोगुनी कर दी।
एसटीएफ ने मौके पर ही आरोपी को नोटों से भरे बैग के साथ दबोच लिया। इतनी नकदी गिनने के लिए पुलिस को मशीन मंगवानी पड़ी। इसके बाद उस पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।
कई जिलों तक फैला नेटवर्क
जांच से खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क आगरा तक ही नहीं था। मथुरा, फिरोजाबाद, मेरठ, लखनऊ और कानपुर जैसे शहरों तक नकली दवाओं की आपूर्ति की जा रही थी। इससे यह साफ हो गया कि यह कारोबार लंबे समय से चल रहा था।
हिमांशु अग्रवाल ने अपने घर, दुकान और अलग-अलग गोदामों में भारी मात्रा में स्टॉक छिपाकर रखा था। छापेमारी में एक लोडिंग वाहन भी पकड़ा गया, जिसमें 15 बोरे दवाएं भरी हुई थीं। ये खेप गोदाम भेजी जा रही थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जब नकली दवाओं की शिकायत मिली, तो विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया। इसके बाद एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश और एफएसडीए आयुक्त राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई।
टीम ने दो हफ्ते तक रेकी की और मरीज बनकर मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदीं। जैसे ही पुख्ता सबूत हाथ लगे शुक्रवार और शनिवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। एसटीएफ अधिकारी राकेश कुमार यादव ने कहा कि यह दवा माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता है।












Click it and Unblock the Notifications