भारत का नाम रोशन करने वाली इस टेबल टेनिस खिलाड़ी को भेजे जा रहे अश्लील मैसेज, जांच में जुटी पुलिस
क्रिकेट ही नहीं भारत में अब दूसरे खेलों के प्रति भी लोगों की रुचि बढ़ी है। हाल ही में खत्म हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने कई मेडल्स अपने नाम किए।
नई दिल्ली, 12 अगस्त। क्रिकेट ही नहीं भारत में अब दूसरे खेलों के प्रति भी लोगों की रुचि बढ़ी है। हाल ही में खत्म हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने कई मेडल्स अपने नाम किए। टेबल टेनिस में भारत ने मिक्सड डबल्स में अचंता शरत कमल और श्रीजा अकूला की मदद से गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की थी। वहीं अब टेबल टेनिस में भारत का नाम रोशन करने वाली नैना जायसवाल एक मुश्किल में दिखाई दे रही है।

अश्लील मैसेज से परेशान हुईं टेबल टेनिस खिलाड़ी
दरअसल, तेलंगाना में टेबल टेनिस खिलाड़ी नैना जायसवाल को इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजे गए हैं। बिना देर किए उन्होंने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। नैना के मुताबिक उन्हें इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं। ऐसा एक या दो बार नहीं हुआ है बल्कि नैना को लगातार इस तरह के मैसेज भेजकर परेशान किया जा रहा है। जिसके बाद उन्होंने मदद के लिए पुलिस से गुहार लगाई है।
लगातार भेजा जा रहा है इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज
नैना के पिता ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग उनकी बेटी को इंस्टाग्राम पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहे हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक नैना की शिकायत को पुलिस ने दर्ज कर इस पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नैना को इस बात का विश्वास दिलाया है कि वह जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेगी। साइबर अपराध सुरक्षा के डीसीपी गजराव भूपाल ने इस बात की जानकारी दी है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीते हैं कई खिताब
हैदराबाद की रहने वाली नैना जायसवाल ने भारत के लिए कई ट्रॉफी जीतने का कारनामा किया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में उन्होंने कई खिताब अपने नाम किए हैं। नैना ने अपने खेल के दम पर देश की बेटियों में खेल के प्रति विश्वास जगाने का काम किया है। इससे पहले साल 2020 फरवरी में नैना ने फेसबुक अकाउंट हैक होने की शिकायत दर्ज कराई थी।












Click it and Unblock the Notifications