देश है तो खेल है, धोनी से सचिन तक वे महान खिलाड़ी जिन्होंने भारतीय सेना के लिए दिखाया वैसा ही जुनून
इन खिलाड़ियों ने देश के लिए खेलने को लेकर जितना गर्व महसूस किया उतना ही पैशन भारत की सेना के प्रति भी दिखाया और वहां अपनी सेवाएं भी दी। 26 जनवरी पर देखते हैं ऐसे दिग्गज खिलाड़ी कौन हैं।

Republic Day: खेल को कई बार देशभक्ति से जोड़कर देखा जाता है जो कई मायनों में सही भी है। खिलाड़ी जब कोई ट्रॉफी या मेडल जीतता है तो वह देश के ही नाम होता है। खेल का टॉप लेवल हमेशा देश के ही नाम होता है चाहे वह वर्ल्ड कप हो या फिर ओलंपिक। ऐसे में जब आला दर्जे के खिलाड़ी इंडियन आर्म्ड फॉर्स को ज्वाइन करते हैं तो खेल और खिलाड़ी दोनों में चार चांद लग जाते हैं। आज 26 जनवरी यानी रिपब्लिक डे है और इस अवसर पर धोनी से लेकर सचिन तक ऐसे स्पोर्ट्सपर्सन का जिक्र करेंगे जिन्होंने देश की आर्म्ड फॉर्स में अपनी सेवाएं दी।

सचिन तेंदुलकर-
क्रिकेट में अपनी क्षमता के चलते मास्टर ब्लास्टर के नाम से मशहूर सचिन तेंदुलकर 2010 में ग्रुप कैप्टन के पद के साथ भारतीय वायु सेना में शामिल हुए थे। महान बल्लेबाज इस सम्मान को प्राप्त करने वाले पहले मानद और बिना एविएशन बैकग्राउंड वाले पहले व्यक्ति बने। ये बड़ा सम्मान था और वायु सेना की भी लोकप्रियता में इजाफा हुआ क्योंकि तेंदुलकर तब से युवाओं की भारतीय वायु सेना का चेहरा बन गए।

राजयवर्धन सिंह राठौर
राठौर ओलंपिक में आजाद भारत के पहले व्यक्तिगत रजत पदक विजेता हैं और बाद में एक सफल राजनेता भी साबित हुए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय सेना को दिया है। वह 90 के दशक की शुरुआत में नेशनल डिफेंस अकादमी के स्नातक थे और 2013 तक सदस्य के रूप में सेवा की। उन्होंने राजनीति में आने से पहले सेना से कर्नल के रूप में रिटायरमेंट लिया था।

कपिल देव-
कपिल देव एक देसी नाम हैं जो बहुत ज्यादा शहरी तौर-तरीकों में नहीं उलझे। 1983 विश्व कप विजेता कप्तान के तौर पर उनकी छवि इंटरनेशनल बनी लेकिन दिल से कपिल हमेशा एक देशी भारतीय बने रहे। भारतीय क्रिकेट में आज भी वे महानतम ऑलराउंडर हैं और उन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। कपिल 2008 में प्रादेशिक सेना में शामिल हुए और बाद में उन्हें सेना द्वारा लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सम्मानित किया गया।

अभिनव बिंद्रा
महान भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा व्यक्तिगत इवेंट में एक ओलंपिक दिग्गज के तौर पर शायद भारतीय खेल इतिहास में हमेशा याद रहेंगे क्योंकि वे भारत के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने व्यक्तिगत इवेंट में ओलंपिक का तिलिस्मी गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने 2008 के ओलंपिक खेलों में इतिहास रचा था, जब उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग इवेंट में सोने पर निशाना साधा था। उनकी सभी उपलब्धियों के लिए, बिंद्रा को 2011 में भारतीय प्रादेशिक सेना द्वारा मानद लेफ्टिनेंट कर्नल बनाया गया था।

महेंद्र सिंह धोनी
आज ये युवाओं को सेना और खिलाड़ी के रिश्तों में अगर किसी दिग्गज का चेहरा सबसे पहले नजर आता होगा तो वे निश्चित तौर पर भारत को तीनों आईसीसी ट्रॉफी दिलाने वाले धोनी हैं। माही को 2011 में भारतीय प्रादेशिक सेना के साथ लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 2019 में वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से ब्रेक लेकर सेना में भी काम किया, जहां वे कुछ हफ्ते के लिए जम्मू और कश्मीर में तैनात थे।












Click it and Unblock the Notifications