VIDEO VIRAL: LIVE मैच में मौत को छूकर लौटा परिंदा! गोलकीपर के प्रहार से थम गई थीं सांसें, फिर हुआ एक चमत्कार
Footballer Saves Seagull Life With CPR Viral Video: इस्तांबुल (तुर्किये) के एक फुटबॉल मैदान पर रविवार को वो नजारा देखने को मिला जिसे देखकर कमेंटेटर्स की आवाज तक बंद हो गई। मैच के दौरान एक सीगल पक्षी (Seagull Bird) की सांसें तब थम गईं जब गोलकीपर का तेजतर्रार शॉट सीधे उसे जा लगा। पक्षी पत्थर की तरह बेजान होकर जमीन पर गिरा, तो लगा कि सब खत्म हो गया, लेकिन तभी मैदान पर एक ऐसा 'चमत्कार' हुआ जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
इस्तांबुल युर्डम (Istanbul Yurdum) और मेवलानाकापी गुजेलहिसार (Mevlanakapi Guzelhisar) के बीच खेले जा रहे इस रोमांचक मुकाबले के 22वें मिनट में युर्डम के गोलकीपर मुहम्मद उयानिक (Muhammet Uyanik) ने पेनल्टी एरिया से एक जोरदार किक मारी।

यह शॉट हवा में उड़ते हुए एक सीगल पक्षी को लगा। उयानिक को शुरुआत में पता नहीं चला कि उन्होंने किसे हिट किया है, लेकिन जब उन्हें सच्चाई का पता चला तो वे गहरे सदमे (Deep Shock) में चले गए।
कप्तान गनी कैटन मैदान पर बने मसीहा
जैसे ही पक्षी जमीन पर गिरा, टीम के कप्तान गनी कैटन तेजी से दौड़कर वहां पहुंचे। उन्होंने बिना एक पल गंवाए पक्षी को CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। गनी लगातार पक्षी की छाती को दबाते रहे। धीरे-धीरे पक्षी के पैरों और आंखों में हलचल शुरू हुई।
पक्षी के होश में आते ही खिलाड़ियों ने उसे पानी पिलाया और फिर साइडलाइन पर मौजूद मेडिकल टीम को सौंप दिया। गनी कैटन ने स्वीकार किया कि उनके पास प्राथमिक चिकित्सा (First-Aid) की कोई औपचारिक ट्रेनिंग नहीं थी, उन्होंने बस अपनी सहज बुद्धि (Instinct) का पालन किया और परिंदे को बचाने की कोशिश की।
मेडिकल टीम ने पक्षी की चोट पर क्या कहा?
मेडिकल टीम ने पुष्टि की है कि टक्कर की वजह से पक्षी के पंख डैमेज हो गए हैं और फिलहाल वह उड़ नहीं सकता, लेकिन वह अब चल पा रहा है। इस मैच में हार के कारण इस्तांबुल युर्डम की टीम चैंपियनशिप का खिताब जीतने से चूक गई, लेकिन कप्तान गनी कैटन के शब्दों ने सबका दिल जीत लिया।
उन्होंने कहा कि, 'हम चैंपियनशिप हार गए, लेकिन किसी की जान बचाने में मदद करना एक अच्छी बात है। यह चैंपियनशिप जीतने से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण था।' इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है और लोग इस फुटबॉलर की दरियादिली को सलाम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications