Hockey World Cup 2023: जर्मनी ने बेल्जियम को फाइनल में हराकर जीता तीसरी बार ख़िताब
जर्मनी की टीम ने पिछड़ने के बाद धमाकेदार खेल का प्रदर्शन किया और बढ़त हासिल कर ली, अंत में शूटआउट तक मैच गया और जर्मनी को जीत मिली।

Hockey World Cup 2023: हॉकी वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में जर्मनी ने बेल्जियम की टीम को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। जर्मनी ने तीसरी बार हॉकी वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। उनसे पहले ऑस्ट्रलिया और नीदरलैंड्स की टीमों ने भी तीन-तीन बार हॉकी वर्ल्ड कप की खिताबी जीत हासिल की है। बेल्जियम की टीम अपना टाइटल डिफेंड करने में नाकाम रही। फाइनल मुकाबला रविवार को भुवनेश्वर में खेला गया।
बेल्जियम के लिए सबसे पहले गोल दागा गया। वैन ऑबेल ने यह गोल करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरा गोल भी बेल्जियम की तरफ से ही दागा गया। गोगनार्ड ने यह गोल करते हुए टीम की बढ़त दोगुनी कर दी। दोनों गोल दसवें मिनट में हुए। इसके बाद जर्मनी ने 28वें मिनट में वापसी करते हुए जवाबी गोल दागा और बढ़त कम की। जर्मनी के लिए यह गोल वैनांश ने पेनल्टी कॉर्नर से दागा।
जर्मनी ने 41वें मिनट में एक बार फिर से धमाका किया और गोल करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। इस बार जर्मनी के लिए गोंजालो ने गोल किया था। इसके बाद मैट ग्रेमबुश ने एक और गोल कर दिया। अब जर्मनी की टीम 3-2 से आगे हो गई थी। बेल्जियम ने भी काफी प्रयास किया और 59वें मिनट में टॉम बून ने पेनल्टी कॉर्नर मिलते ही गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया और मैच का मुख्य समय समाप्त होने तक मामला शूटआउट में चला गया। शूटआउट में जर्मनी की टीम बेल्जियम के ऊपर भारी पड़ी और 5-4 से खिताबी जीत दर्ज कर ली।












Click it and Unblock the Notifications