ISL 2022-23: एटीके मोहन बागान ने प्लेऑफ में स्थान पक्का किया, केरला ब्लास्टर्स को 2-1 से हराया

कोलकाता, 18 फरवरी: एटीके मोहन बागान ने भी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 के प्लेऑफ में अपना स्थान पक्का कर लिया है। मैरिनर्स ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान विवेकानंद युबा भारती क्रीड़ांगन स्टेडियम में केरला ब्लास्टर्स एफसी को 2-1 से हराकर अपने समर्थकों को जश्न मनाने का अवसर दिया। एटीके मोहन बागान की जीत में आयरिश मिडफील्डर कार्ल मैकहग (23वें और 71वें मिनट में) ने दोनों गोल दागे और उनको हीरो ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आज की जीत से मुख्य कोच जुआन फेरांडो के मैरिनर्स अपना प्लेऑफ स्थान पक्का करते हुए अंक तालिका में पांचवें से तीसरे स्थान पर आ गए हैं। एटीके मोहन बागान के 19 मैचों में नौ जीत, चार ड्रा और छह हार से 31 अंक हो गए हैं। वे बेंगलुरू एफसी (31) और केरला ब्लास्टर्स (31) से बेहतर गोल अंतर से आगे हैं। वहीं, इस हार से मुख्य कोच इवान वुकोमानोविक के ब्लास्टर्स तीसरे से पांचवें स्थान पर लुढ़क गए हैं। प्लेऑफ में पहले ही स्थान पक्का कर चुकी केरला ब्लास्टर्स के 19 मैचों में दस जीत, एक ड्रा और आठ हार से 31 अंक है।
मैच का पहला गोल 16वें मिनट में आया, जब ग्रीक स्ट्राइकर दिमित्रियोस डायनामेंटकोस ने केरला ब्लास्टर्स एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। ग्रीक मूल के ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर अपोस्टोलोस जियानौ के पास पर दिमित्रियोस ने लेफ्ट फुटर शॉट लगाकर गेंद को लेफ्ट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में उलझा दिया।
23वें मिनट में आयरिश मिडफील्डर कार्ल मैकहग ने गोल करके एटीके मो्हन बागान को बराबरी दिलाते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। बाएं फ्लैंक पर मिली फ्री-किक पर ऑस्ट्रेलियाई स्ट्राइकर दिमित्री पेट्राटोस ने क्रॉस डाला, जिस पर कार्ल मैकहग ने हेडर करके गेंद को बाएं पोस्ट की तरफ गोलजाल में उलझा दिया।
केरला ब्लास्टर्स के विंगर राहुल कन्नोली प्रवीण को 64वें मिनट में मैच का दूसरा येलो यानी रेड कार्ड मिलने के कारण मैदान छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा। इसके बाद ब्लास्टर्स को शेष समय दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। रेफरी राहुल कुमार गुप्ता ने राहुल के लिए दूसरा येलो कार्ड तब निकाला, उन्होंने आशिक कुरियन को गिराकर मैच में दूसरी बार फाउल किया। उनको पहला येलो कार्ड 26वें मिनट में दिखाया गया था।
71वें मिनट में आयरिश मिडफील्डर कार्ल मैकहग ने अपना दूसरा गोल करके एटीके मोहन बागान को 2-1 की बढ़त दिला दी। दाहिने फ्लैंक से आशीष राय ने क्रॉस बॉक्स के अंदर डाला, जिस पर मनवीर सिंह ने हल्का सा बैक पास देकर गेंद मैकहग तक पहुंचाई। इसके बाद आयरिश मिडफील्डर ने करारी लेफ्ट फुटर वॉली लगाकर गेंद को गोल पोस्ट के बाएं कॉर्नर के अंदर पहुंचा दिया जबकि गोलकीपर प्रभसुखन गिल के पास कोई मौका नहीं था।
यह दोनों टीमों के बीच हीरो आईएसएल में छठा मुकाबला था और आज एटीकेएमबी ने पांचवीं बार जीत हासिल की है जबकि एक मैच ड्रा रहा है। इस तरह ब्लास्टर्स को अब तक जीत नसीब नहीं हुई है। आज के परिणाम के बाद इस सीजन में एटीके मोहन बागान ने केरला ब्लास्टर्स के खिलाफ जीत का डबल पूरा किया। क्योंकि पहले चरण में भी मैरिनर्स ने 5-2 से जीत हासिल की थी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications