ISL: मुंबई सिटी एफसी के अपराजेय क्रम को तोड़ने के इरादे से उतरेगा मोहन बागान
मुम्बई, 5 नवंबर: मुम्बई सिटी एफसी रविवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2022-23 में अपने अपराजित बने रहने के क्रम को जारी रखने के लिए घरेलू मैदान मुम्बई फुटबॉल एरिना में उतरेगी, जबकि एटीके मोहन बागान का लक्ष्य मेजबान टीम के खिलाफ पहली जीत हासिल करना होगा। ये दोनों टीमें अपने-अपने पिछले मैचों में 2-0 की जीत दर्ज करने के बाद इस मुकाबले में भिड़ने जा रही हैं। आइलैंडर्स ने केरला ब्लास्टर्स को हराया जबकि मैरीनर्स कोलकाता डर्बी में चिर-प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल के खिलाफ विजयी रहे थे।

मुंबई सिटी एफसी रविवार को हीरो आईएसएल में एटीके मोहन बागान के खिलाफ अजेय होने के मनोवैज्ञानिक लाभ के साथ मैदान पर उतरेगी। उम्मीद की जा रही है कि मुख्य कोच डेस बकिंघम ब्लास्टर्स के खिलाफ मैच में शुरुआती ग्यारह में कोई बदलाव नहीं करेंगे। लिहाजा, मैच की शुरुआत में स्पेनिश अटैकिंग मिडफील्डर अल्बर्टो नोगुएरा के बेंच पर बैठने की उम्मीद है क्योंकि स्कॉटिश अटैकिंग मिडफील्डर ग्रेग स्टीवर्ट मिडफील्ड में उनकी जगह नजर आएंगे, जिससे अर्जेंटीना के स्ट्राइकर जोर्गे परेरा डियाज को फॉरवर्ड लाइन में रहने का अवसर मिलता है।
डियाज के दोनों तरफ फ्लैंक पर लल्लियांजुआला छांगटे और बिपिन सिंह के रहने की उम्मीद है। इन दोनों ने इस सीजन में अब तक मेजबान टीम के लिए हर मैच की शुरुआत की है। डिफेंडर मेहताब सिंह ने अब तक खेले चार मुकाबलों में तीन हीरो ऑफ द मैच पुरस्कार जीते हैं और वह डिफेंस में रोस्टिन ग्रिफिथ के साथ शुरुआत करेंगे।
बकिंघम ने कहा, "हम पर ध्यान केंद्रित है। हमने अब तक जो प्रगति की है उससे मैं बहुत खुश हूं। हम निर्माण जारी रखना चाहते हैं, हर राउंड के बाद बेहतर होना चाहते हैं और खुद को रक्षात्मक रूप से मजबूती के साथ स्थापित करना चाहते हैं।" उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि हमें अन्य टीमों से सावधान रहना होगा। एटीके मोहन बागान ने पिछले दो मैचों में अपनी ताकत दिखाई है, लेकिन हम अपना ज्यादातर समय खुद पर ध्यान केंद्रित करने में बिताते हैं।"
सीजन का अपना पहला मैच हारने के बाद एटीके मोहन बागान ने अपने पिछले दो मैचों में केरला ब्लास्टर्स और ईस्ट बंगाल एफसी पर जीत हासिल की है। मुख्य कोच जुआन फेरांडो ने कोलकाता डर्बी के दौरान तीन खिलाड़ियों वाली रक्षापंक्ति में बदलाव करके 4-2-3-1 की टीम फॉरमेशन को अपनाया था।
नई फॉरमेशन ने स्पेनिश कोच के लिए अच्छा काम किया है, और वह आइलैंडर्स के खिलाफ उसी टीम फॉरमेशन के साथ उतर सकते हैं। प्रीतम कोटल और ब्रेंडन हैमिल ने इस सीजन में अब तक तीनों मैचों में मैरिनर्स के डिफेंस लाइन में शुरुआत की है और वे अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं।
सीजन के शीर्ष स्कोरर और गोल करने सहायक रहे ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड दिमित्री पेट्राटोस के अग्रिम पंक्ति पर शुरुआत करने की उम्मीद है, जहां उन्हें अटैकिंग खिलाड़ी मनवीर सिंह और लिस्टन कोलाको का समर्थन मिलेगा। फ्रेंच-मोरोक्कन अटैकिंग मिडफील्डर ह्यूगो बौमस मिडफील्ड में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और यह देखना दिलचस्प होगा कि वह एमसीएफसी के मोरोक्कन डिफेंसिव मिडफील्डर अहमद जाहौह के खिलाफ मिडफील्डर कैसा प्रदर्शन करते हैं।
फेरांडो ने कहा, "उनके पास बहुत सारे गुणवत्ता वाले खिलाड़ी हैं। यह एक मुश्किल मैच होगा, खासकर जब, यह मुकाबला हम इतनी बड़ी टीम के खिलाफ घर से दूर खेलेंगे। लेकिन हमारे पास एक योजना है और मुझे उम्मीद है कि यह हमें सफलता की ओर ले जाएगी।"
इस तथ्य के बारे में बात करते हुए कि एटीके मोहन बागान ने मुम्बई को कभी नहीं हराया है, फेरांडो ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि इस रविवार को हम तीन अंक हासिल करेंगे। यही हमारा लक्ष्य है। मैं आंकड़ों के बारे में कभी नहीं सोचता क्योंकि फुटबॉल में आंकड़े बदलते हैं। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि हम खेलने के लिए तैयार हैं।"
दोनों टीमें पांच मौकों पर एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं। आइलैंडर्स ने चार जीत हासिल की हैं जबकि एक मैच ड्रा पर समाप्त हुआ है। इसमें हीरो आईएसएल 2020-21 फाइनल मैच भी शामिल है जब मुम्बई सिटी ने एटीके मोहन बागान को 2-1 से हराया था। बिपिन सिंह ने 90वें मिनट में विजयी गोल दागा था।












Click it and Unblock the Notifications