FIFA World Cup: फाइनल मुकाबले में लियोनल मेसी तोड़ सकते हैं 6 बड़े वर्ल्ड कप रिकॉर्ड
फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में मेसी की निगाहें रविवार को होने वाले फाइनल में कुछ अविश्वसनीय रिकॉर्ड्स पर होंगी। देखते हैं अर्जेंटीना और फ्रांस के बीच होने जा रहे मुकाबले में मेसी कौन से रिकॉर्ड बना सकते हैं।

फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में रविवार को लियोनेल मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना का जब डिफेंडिंग चैम्पियन फ्रांस के सामने होगी तो अपने स्टार को यादगार विदाई देना चाहेगी। मेसी ने पहले ही अपने संन्यास की घोषणा कर दी है कि वे इंटरनेशनल मैचों में अब दिखाई नहीं देंगे। अर्जेंटीना टूर्नामेंट के इतिहास में अपना छठा फाइनल खेल रहा है और मेसी करियर में पहला वर्ल्ड कप खिताब लेने की सोच के साथ उतरेंगे। वहीं दूसरी ओर, फ्रांस की नजर ब्राजील और इटली के बाद लगातार विश्व कप जीतने वाला तीसरा देश बनने पर है।
लेकिन हर कोई अर्जेंटीना के कप्तान मेसी के लिए दुआ कर रहा है। खासकर भारतीय उप-महाद्वीप जैसे क्षेत्रों में जहां फुटबॉल अभी तक टॉप लेवल पर नजर नहीं आती है वहां फैंस मेसी-रोनाल्डो जैसे सितारों में अपना आदर्श ढूंढ लेते हैं। मेसी ने कतर में अपना चरम रूप दिखाया है और उन्होंने फाइनल में पहुंचने के लिए अपनी टीम के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 35 वर्षीय खिलाड़ी की निगाहें रविवार को होने वाले फाइनल में कुछ अविश्वसनीय रिकॉर्ड्स पर होंगी। देखते हैं मेसी कौन से रिकॉर्ड बना सकते हैं।
विश्व कप में किसी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक जीत:

मेस्सी ने फीफा विश्व कप टूर्नामेंट में 16 मैच जीते हैं। अगर अर्जेंटीना वर्ल्ड कप फाइनल जीत जाता है तो मेसी के करियर की 17वीं वर्ल्ड कप जीत होगी और वे जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोस की बराबरी कर लेंगे जिन्होंने अपने करियर में विश्व कप में 17 जीत के साथ रिकॉर्ड कायम किया है।
विश्व कप में एक खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक मैच:
मेसी रविवार को फाइनल में खेलकर जर्मनी के लोथर मैथॉस (25 मैच खेले) को पीछे छोड़ते हुए सबसे अधिक विश्व कप मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
विश्व कप में सर्वाधिक मिनट तक खेलना:
इटली के लीजेंड पाओलो मालदिनी ने विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक 2,217 मिनट तक खेला है। मेस्सी 2,194 मिनट खेल चुके हैं और फाइनल में रिकॉर्ड बना सकते हैं क्योंकि दोनों के बीच सिर्फ 23 मिनट का अंतर है।
वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल सहायता:

मेसी ने अब तक फीफा वर्ल्ड कप के मैचों में कुल नौ गोल असिस्ट किए हैं। ब्राजील के दिग्गज पेले दस असिस्ट के साथ नंबर एक पर हैं। अगर मेसी फाइनल में कम से कम दो गोल करने में अपने साथियों की मदद करने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह रिकॉर्ड बना देंगे। हमने सेमीफाइनल में मेसी का जादू देखा है जो फाइनल में दिख सकता है।
कई गोल्डन बॉल अवॉर्ड:
अर्जेंटीना के स्ट्राइकर को 2014 विश्व कप में गोल्डन बॉल से सम्मानित किया गया था। गोल्डन बॉल विश्व कप के एक संस्करण में बेस्ट ऑल-राउंड खिलाड़ी को दिया जाता है। मेसी ये सम्मान पाने के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। यदि वह ये जीतने में कामयाब होते हैं, तो वह दो 'गोल्डन बॉल' जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।
विश्व कप में गोल्डन बूट और गोल्डन बॉल के विजेता:
गोल्डन बॉल के अलावा, गोल्डन बूट नामक एक और अवॉर्ड है जो विश्व कप के एक एडिशन में सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। खेल इतिहास में अब तक केवल 7 खिलाड़ियों को ही ये दो अवॉर्ड एक साथ मिले हैं। मेसी और एम्बाप्पे इस बार पांच-पांच गोल के साथ सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं, मेसी एम्बाप्पे से आगे निकल सकते हैं और गोल्डन बूट भी जीत सकते हैं।
सर्वाधिक गोल योगदान:
मेस्सी ने फीफा विश्व कप टूर्नामेंट में 20 गोल का योगदान दिया है जिसमें उन्होंने 11 गोल किए है और 9 में हेल्प की है। ब्राजील के लीजेंड पेले के पास 12 गोल और 10 असिस्ट सहित 22 गोल योगदान करने का रिकॉर्ड है। इसलिए, लियोनल के पास पेले के टैली को पार करने या बराबर करने का सुनहरा मौका होगा।












Click it and Unblock the Notifications