जहीर खान बोले- डेथ ओवर्स मे सबसे खतरनाक गेंदबाजी करती है यह जोड़ी, विश्व कप में होगा फायदा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार को खेले गये मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 62 रनों से जीत हासिल कर इतिहास रच दिया और टी20 क्रिकेट में अपने ही लगातार जीत के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने अब तक लगातार 10 मैचों में जीत हासिल कर ली है, इससे पहले साल 2020 में भारत ने लगातार 9 मैचों में जीत हासिल की थी। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में भी 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत के लिये इस मैच में ईशान किशन ने 56 गेदों में 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी तो वहीं पर श्रेयस अय्यर ने भी 28 गेंदों में 57 रन बनाकर टीम के स्कोर को 199 पर पहुंचाया था।

जवाब में श्रीलंका की टीम ने निरंतर अंतराल पर विकेट खोती रही और मैच हार गई। भुवनेश्वर कुमार ने भारत को सही शुरुआत दिलाते हुए पहले पथुम निशंका (0) को बोल्ड मारा तो वहीं पर अगले ही ओवर में दूसरा विकेट भी हासिल किया। श्रीलंका की ओर से चरिथ असलंका ने नाबाद 53 रन बनाये लेकिन अन्य बल्लेबाजों के पास भारतीय गेंदबाजी का जवाब नहीं था। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार समेत 7 गेंदबाजी विकल्प का इस्तेमाल किया।
और पढ़ें: लखनऊ T20 की बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम से खुश नहीं हैं रोहित शर्मा, बताया कहां हो रही है गलती

दुनिया की सबसे खतरनाक डेथ बॉलिंग करती है यह जोड़ी
बुमराह और जडेजा दोनों ही लंबे ब्रेक के बाद टीम में वापसी कर रहे थे, तो वहीं पर हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल, दीपक हुड्डा, वेंकटेश अय्यर और भुवनेश्वर कुमार को भी गेंदबाजी का मौका दिया गया। भले ही बुमराह के खाते में इस मैच के दौरान विकेट नहीं आये हों लेकिन उनकी गेंदबाजी में धार की कमी नहीं नजर आयी। वहीं पर अपने करियर के बेहतरीन पलों को जी रहे हर्षल पटेल ने भी शानदार गेंदबाजी की। हर्षल पटेल ने भारत के लिये अब तक 6 टी20 मैचों में शिरकत करते हुए 9 विकेट हासिल किये हैं।
वैरिएशन के लिये इस मशहूर गेंदबाज की बॉलिंग ने कई दिग्गज क्रिकेटर्स को प्रभावित किया है और अब इस फेहरिस्त में भारत के पूर्व बायें हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान का नाम भी जुड़ गया है, जिनका मानना है कि हर्षल पटेल के आने से जसप्रीत बुमराह को डेथ ओवर्स का बेहतरीन साथी मिल गया है और यह जोड़ी दुनिया की सबसे खतरनाक डेथ बॉलिंग जोड़ी बन गई है।

टी20 विश्वकप के लिहाज से तैयारी कर रही है भारतीय टीम
उल्लेखनीय है कि मौजूदा भारतीय टीम का मैनेजमेंट इस साल ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप की तैयारियों को देखते हुए इस समय टीम संयोजन बनाने पर काम कर रहा है, जिसको लेकर जहीर खान का मानना है कि बुमराह और हर्षल को प्लेइंग 11 में जरूर जगह मिलनी चाहिये क्योंकि यह दोनों बॉलर एक दूसरे को पूरा करते हैं।
क्रिकबज से बात करते हुए जहीर ने कहा,'बुमराह और हर्षल एक दूसरे को फायदा देने वाली जोड़ी है..क्योंकि जब आप बुमराह के बारे में बात करते हैं, तो उनके अजीब गेंदबाजी एंगल और तेज यॉर्कर की बात करते हैं। इसके साथ ही उनके पास गेंदबाजी में कई वैरिएशन है, जिसमें बिना हैंड स्पीड बदले धीमी गेंदे फेंकना शामिल है। जब आप हर्षल की ओर देखते हैं तो उन्हें सबसे ज्यादा सफलता उन प्लेयर्स के खिलाफ मिली है जो अटैक करने की ओर देखते हैं, जब बल्लेबाज उनके खिलाफ रन बनाने की कोशिश करता है तो उन्हें ज्यादा खुशी मिलती है क्योंकि उस दौरान उनके विकेट हासिल करने के मौके बढ़ जाते हैं।'

डेथ ओवर्स में भारत को देंगे फायदा
जहीर खान का मानना है कि अगर बुमराह एक छोर से और हर्षल दूसरे छोर से गेंदबाजी करेंगे तो बल्लेबाज के पास रन बनाने का मौका नहीं होगा और विकेट ज्यादा गिरेंगी, ऐसे में भारतीय टीम को डेथ ओवर्स में इस जोड़ी का बहुत फायदा होगा।
उन्होंने कहा,'अगर बुमराह एक छोर और हर्षल दूसरे छोर से गेंदबाजी करते हैं तो यह टीम को फायदा पहुंचायेगी। बल्लेबाज बुमराह की अपेक्षा हर्षल के खिलाफ ज्यादा चांस लेंगे और वहीं पर यह बात हर्षल के पक्ष में जायेगी क्योंकि वो तभी ज्यादा विकेट निकालते हैं। बुमराह बल्लेबाजों के लिये रन बनाना काफी मुश्किल करने वाले हैं और यह हर्षल को अपनी वैरिएशन का इस्तेमाल करने का मौका देगी। मुझे लगता है कि डेथ ओवर्स में यह जोड़ी भारत के लिये काफी फायदेमंद साबित होगी।'












Click it and Unblock the Notifications