लखनऊ T20 की बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम से खुश नहीं हैं रोहित शर्मा, बताया कहां हो रही है गलती
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच लखनऊ के श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना स्टेडियम में खेला गया, जहां पर भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 62 रनों की विशाल जीत हासिल की। अपने दिग्गज खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में खेल रही भारतीय टीम की बल्लेबाजी को मैच से पहले कमजोर माना जा रहा था, हालांकि उसने सभी को गलत साबित करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में सिर्फ 2 विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। 200 रनों का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम महज 137 रन ही बना सकी और62 रनों से मैच हार गई।

भारतीय टीम ने इस मैच को जीतकर न सिर्फ सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है बल्कि टी20 क्रिकेट में अपने पिछले लगातार सबसे ज्यादा जीत के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया हैष भारत ने इससे पहले लगातार साल 2020 में लगातार 9 टी20 मैचों में जीत हासिल की थी, जबकि अब उसने यह संख्या 10 कर ली है। वहीं रोहित शर्मा ने भी लगातार 14 टी20 मैचों में जीत हासिल कर लगातार सबसे ज्यादा जीत हासिल कर लेने वाले कप्तान कि लिस्ट में इयोन मोर्गन की बराबरी कर ली हैं।
और पढ़ें: IND vs SL: जडेजा की वापसी पर रोहित शर्मा बोले- हम जानते हैं कि हमें उससे क्या करवाना है

शानदार प्रदर्शन के बावजूद खुश नहीं हैं रोहित शर्मा
भारतीय टीम के लिये बल्लेबाजी में ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने अर्धशतकीय पारियां खेली तो वहीं पर गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर 2-2 विकेट हासिल किये। ईशान किशन ने तेजी से रन बनाते हुए 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली तो वहीं पर श्रेयस अय्यर ने भी नीचे आकर तेजतर्रा 57 रनों की पारी खेली। भुवनेश्वर कुमार ने पावरप्ले में अहम विकेट चटकाये तो वहीं पर वेंकटेश अय्यर ने भी बीच के ओवर्स में सफलता दिलायी। गेंदबाजों के किफायती प्रदर्शन के चलते श्रीलंका की टीम 137/6 का स्कोर ही खड़ा कर सकी।
ऐसा प्रदर्शन देखने के बाद कोई भी कप्तान अपनी टीम से खुश होगा, हालांकि रोहित शर्मा के साथ ऐसा नहीं है। रोहित शर्मा ने भारत की विशाल जीत के बावजूद टीम की उस गलती पर ध्यान दिलाया जो कि उसके लिये आगे आने वाले मैचों में हार का कारण बन सकती है।

बार-बार खिलाड़ियों से हो रही है गलती
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में भले ही शानदार प्रदर्शन किया हो लेकिन फील्डिंग के मामले में वो अभी भी कमजोर नजर आ रही है। रोहित शर्मा ने भी इसको लेकर अपनी निराशा जाहिर की।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बात करते हुए रोहित ने कहा,'यह लगातार हो रहा है, हम बेहद आसान कैच छोड़ते हुए नजर आ रहे हैं, जिसकी इस स्तर पर आप किसी से भी अपेक्षा नहीं करते हैं। आप उम्मीद करते हैं कि खिलाड़ी मुश्किल कैच को पकड़ने में सक्षम हैं तो वहां पर आसान कैच छूटने का सवाल ही नहीं उठता है। हमारे फील्डिंग कोच को खिलाड़ियों पर काम करने की जरूरत है। हम ऑस्ट्रेलिया जाने से पहले इसमें सुधार करना चाहते हैं। हम विश्वकप में एक बेहतरीन फील्डिंग टीम बनकर उतरना चाहते हैं।'

लखनऊ टी20 में भारत से छूटे थे 3 कैच
गौरतलब है कि भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले ही मैच में 3 कैच छोड़ने का काम किया था, जहां पर तीसरे ही ओवर में वेंकटेश अय्यर के हाथों से एक बेहद आसान कैच छूट गया था तो वहीं पर छठे ओवर में श्रेयस अय्यर एक कैच को अपने हाथ में रख पाने में नाकाम रहे थे। वहीं पर 16वें ओवर में जसप्रीत बुमराह भी कैच पकड़ने के मौके को भुना नहीं पाये थे। इससे पहले वेस्टइंडीज सीरीज में भी भारतीय खिलाड़ियों के हाथ से कैच छूटने का सिलसिला देखने को मिला था। ऐसे में रोहित शर्मा का नाराज होना समझ आता है।
आपको बता दें कि रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप 2022 में भारतीय टीम का नेतृत्व करने वाले हैं, ऐसे में वो अपनी टीम की हर कमी को दूर कर पूरी तैयारी के साथ पहुंचना चाहते हैं, ताकि खिताब के सूखे को मिटा सकें।












Click it and Unblock the Notifications