IND vs PAK: विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने पर गंभीर ने उठाए सवाल, इस खिलाड़ी को बताया असली हकदार
Asia Cup 2023, IND vs PAK: एशिया कप 2023 में सुपर 4 स्टेज के तीसरे मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 228 रनों के बड़े अतंर से करारी शिकस्त दी है। इस रोचक मुकाबले में कुलदीप यादव ने 5 विकेट लेकर पूरी पाकिस्तान टीम को हिलाकर रख दिया। इस बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कुलदीप की जगह विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ने अविश्वसनीय 47वां वनडे शतक जड़ा और वनडे में 13,000 रन पूरे किए, वहीं कुलदीप ने इस फॉर्मेट में अपना दूसरा पांच विकेट लेने का कारनामा किया। वहीं केएल राहुल ने चोट से वापसी करते हुए अपनी शानदार नाबाद 111 रन की पारी खेली, जिसके दम पर टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 228 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया।

मैच के बाद स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए गंभीर ने महसूस किया कि पाकिस्तान के बल्लेबाजों, जो स्पिन के खिलाफ मजबूत माने जाते हैं। उनके खिलाफ कुलदीप का स्पैल गेम-चेंजर था।
उन्होंने कहा कि, 'मेरे अनुसार कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ दे मैच चुना जाना चाहिए था। इस मुकाबले में मैं उनसे आगे नहीं देख सकता। मुझे पता है कि विराट ने शतक बनाया है। केएल राहुल ने शतक बनाया है। रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अर्द्धशतक बनाया है, लेकिन इस तरह के विकेट पर जहां गेंद सीम और स्विंग कर रही थी। अगर किसी को 8 ओवर में पांच विकेट मिलते हैं, खासकर पाकिस्तान के बल्लेबाजों के खिलाफ जो स्पिन को बहुत अच्छी तरह से खेलते हैं, तो यह खेल बदलने वाला पल है।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'मैं समझ सकता हूं कि अगर ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका या न्यूजीलैंड होता तो समझ में आता कि वे स्पिन को अच्छी तरह से नहीं खेल पाते हैं।'
पाकिस्तान के खिलाफ रोहित शर्मा और शुभमन गिल के शानदार अर्धशतकों के बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने 193 गेंदों पर 233 रन की साझेदारी की। शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर ही टीम इंडिया ने वनडे में पाकिस्तान के खिलाफ अपने संयुक्त हाईएस्ट स्कोर को 356/2 तक पहुंचा दिया, इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 128 रन पर ही सिमट गई।
कुलदीप यादव के प्रदर्शन को लेकर गंभीर ने कहा कि, 'यह सिर्फ गेंदबाज की क्वालिटी को दर्शाता है। विश्व कप में यह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है क्योंकि अब आपके पास दो आक्रामक तेज गेंदबाज हैं और कुलदीप तीसरे गेंदबाज हैं, जो खेल के किसी भी चरण में विकेट ले सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications