वेस्टइंडीज दौरे के लिये इंग्लैंड ने किया टेस्ट टीम का ऐलान, ब्रॉड-एंडरसन को दिखाया बाहर का रास्ता

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर पर 4-0 से एशेज की टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड लगातार कई सख्त फैसले लेता हुआ नजर आ रहा है, जिसके तहत उसने वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली इंग्लिश टीम के हेड कोच और डायरेक्टर को बाहर कर दिया है। इतना ही नहीं ईसीबी की सख्ती का असर टीम के सेलेक्शन पर भी नजर आ रहा है, जहां पर सर एंड्रयू स्ट्रॉस (अंतरिम मैनेजिंग डायरेक्टर), अंतरिम कोच पॉल कॉलिंगवुड और हेड स्काउट जेम्स टेलर के पैनल वाली चयन समिति ने वेस्टइंडीज दौरे के लिये जिस 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, उसमें से एशेज खेलने वाले 8 खिलाड़ियों को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
इस फेहरिस्त में जो नाम सबसे ध्यान देने लायक है उसमें जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्रॉड, हसीब हमीद और डेविड मलान का नाम शामिल है। वहीं पर एलेक्स लीस और डरहम को वेस्टइंडीज दौरे पर पारी का आगाज करने की जिम्मेदारी दी गई है। तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर को भी पहली बार इंग्लैंड की टेस्ट टीम में चुना गया है। ऐसे में एशेज की शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड की टीम बदले हुए अंदाज में मैदान पर उतरती नजर आयेगी।
और पढ़ें : IND vs WI: जानें क्यों पत्रकार पर भड़क गये सूर्यकुमार यादव, बोले- सर, मुझे बख्श दो
वहीं टीम से जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की जोड़ी को बाहर करते हुए इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और प्रबंधन निदेशक एंड्रयू स्टॉस ने कहा है कि हम गेंदबाजी के नये विकल्प की तलाश कर रहे हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि इन दोनों दिग्गज गेंदबाजों का करियर खत्म होने जा रहा है।
उन्होंने कहा,'नये सेशन की शुरुआत के साथ हम टेस्ट टीम को दोबारा से बनाने पर ध्यान दे रहे हैं, जिसका फोकस विदेशी सरजमीं पर जीत हासिल करना है। एशेज की हार के बाद हमें महसूस हुआ कि अब वक्त आ गया है जब जवाबदेही तय की जाये। हमें नये खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ने की ओर देख रहे हैं। वहीं एंडरसन और ब्रॉड की बात करें तो मैं यह बताना चाहूंगा कि वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं जाने का मतलब यह नहीं कि उनका टेस्ट करियर समाप्त हो गया है। हमारा मानना है कि हमें भविष्य को देखते हुए कुछ नये विकल्प तैयार रखने चाहिये।'
और पढ़ें: INDW vs NZW: ओपनिंग मैच में भारत पर भारी पड़ी कीवी टीम, 18 रन से हराया
ईसीबी की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज में साफ कहा गया है कि जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के अनुभव पर किसी को भी कोई शक नहीं है। यह पूरी तरह से नये मैनेजिंग डायरेक्टर और हेड कोच पर निर्भर होगा कि वो इस समर उन्हें टीम में शामिल करते हैं या नहीं। गौरतलब है कि इंग्लैंड की टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये जाना है, जिसका पहला मैच 8 मार्च को खेला जायेगा।
टेस्ट सीरीज से पहले इंग्लैंड की टीम को एंटिगुआ के कूलिज क्रिकेट ग्राउंड पर 4 दिवसीय वार्म अप मैच भी खेलना है। सीरीज के लिये चुनी गई इंग्लैंड की टीम 24 फरवरी को वेस्टइंडीज के लिये रवाना होगी।
वेस्टइंडीज टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम: जो रूट (कप्तान), जोनाथन बेयरस्टो, जैक क्रॉली, मैथ्यू फिशर, बेन फॉक्स, डैन लॉरेंस, जैक लीच, एलेक्स लीस, साकिब महमूद, क्रेग ओवरटन, मैथ्यू पार्किंसन, ओली पोप, ओली रॉबिन्सन, बेन स्टोक्स , क्रिस वोक्स, मार्क वुड।












Click it and Unblock the Notifications