INDW vs NZW: ओपनिंग मैच में भारत पर भारी पड़ी कीवी टीम, 18 रन से हराया

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी महिला वनडे विश्वकप की तैयारियों के लिये एक टी20 और 5 एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेलने के लिये भारत की महिला क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड पहुंची है, जिसका ओपनिंग मैच बुधवार को क्वीन्सटाउन के मैदान पर टी20 प्रारूप में खेला गया। भारतीय महिला टीम के लिये पिछला कुछ समय खास नहीं रहा और उसे कई करीबी मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड दौरे पर भी उसका यही हाल जारी रहा और न्यूजीलैंड के खिलाफ उसे सीरीज के इकलौते टी20 मैच में 18 रनों से मात मिली।
क्वीन्सटाउन के मैदान पर खेले गये इस मैच में भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और न्यूजीलैंड की महिला टीम को निर्धारित 20 ओवर्स में 155 रन पर रोक दिया। जवाब में भारतीय टीम 8 विकेट खोकर 137 रन ही बना सकी और 18 रनों से मैच को हार गई। इस हार के बाद भारतीय टीम को 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है, जिसमें वो जीत के साथ वापसी करना चाहेगी और सीरीज जीत कर महिला विश्वकप में आत्म-विश्वास के साथ उतरने की ओर देखेगी।
और पढ़ें: IND vs PAK: रमीज राजा के प्रस्ताव पर जय शाह ने दिया दो टूक जवाब, 4 नेशन सीरीज को लेकर साफ किया रुख
पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने सूजी बेटस (36) और कप्तान सोफी डिवाइन (31) के दम पर ताबड़तोड़ शुरुआत करते हुए महज 7 ओवर्स में ही पहले विकेट के लिये 60 रनों की साझेदारी कर डाली, जिसे दीप्ती शर्मा ने तोड़ने का काम किया। गायकवाड़ ने भी बेटस को बोल्ड कर दूसरा झटका दिया। यहां से कीवी टीम उतनी तेजी से रन नहीं बना सकी लेकिन मैडी ग्रीन (26) और ताहुहु (27) की पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 155 रन का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
जवाब में भारतीय महिला टीम ने भी अच्छी शुरुआत करते हुए पावरप्ले में 6 से ज्यादा की औसत से रन बनाये और कोई विकेट नहीं खोया। यशिका भाटिया (26) और शेफाली वर्मा (13) ने पहले विकेट के लिये 41 रनों की साझेदारी की, लेकिन एमिलिया केर और जेस केर ने अपनी गेंदबाजी से भारतीय टॉप ऑर्डर को ढेर कर दिया। जहां एमिलिया ने अपनी 4 ओवर की गेंदबाजी में 25 रन देकर दोनों ओपनर्स को पवेलियन भेजा तो वहीं पर जेस केर ने 4 ओवर में 20 रन देकर कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) और सिमरन बहादुर (10) का विकेट हासिल किया।
और पढ़ें: IND vs WI: गेल-रिचर्डस की खास लिस्ट में शामिल हुए जेसन होल्डर, ऐसा करने वाले 5वें कैरिबियाई बने
भारत की ओर से लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रही आंध्र प्रदेश की संबिन्नी मेघना ने सबसे ज्यादा 37 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 30 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके लगाये। वहीं दूसरे छोर पर मेघना को कोई साथी नहीं मिलने की वजह से भारतीय टीम जरूरी रन रेट से रन नहीं बना सकी और लक्ष्य को हासिल करने से 18 रन से चूक गई। अब भारतीय टीम को सीरीज का पहला वनडे मैच शनिवार को खेलना है, जहां पर मिताली राज की कप्तानी वाली टीम जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications