Bihar News: बिहार में 2030-31 तक बनकर तैयार हो जाएंगे दो नए एयरपोर्ट: सचिव
बिहार सोनपुर और अजगाबीनाथ (अजगबीनाथ) में दो नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों और पटना, दरभंगा, पटना, भागलपुर-मुंगेर और रक्सौल हवाई अड्डों के उन्नयन के माध्यम से तेजी से विमानन विकास की योजना बना रहा है, जिसमें 2031 तक कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नए टर्मिनल, लंबी रनवे और कार्गो कॉम्प्लेक्स शामिल हैं।
पटना, 27 नवंबर:* बिहार में हवाई संपर्क को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार सजग है। वर्ष 2030-31 तक दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण कराया जाएगा। इनमें सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर क्षेत्र में अजगैबीनाथ धाम हवाई अड्डा शामिल हैं। इसके अलावा अगले 3 से 4 वर्षों में राज्य के पांच प्रमुख हवाई अड्डे पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल भी पूरी तरह तैयार हो जाएंगे।

यह जानकारी सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संवाद कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश और मार्गदर्शन में राज्य के प्रमुख हवाई अड्डों के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम तेजी से चल रहा है। ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे विकसित करने पर भी तेजी से काम हो रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार में कई स्थानों से लोगों को बेहतर हवाई सुविधा मिलने लगेगी।
सचिव ने बताया कि पटना टर्मिनल के अपग्रेडेशन का काम पूरा हो चुका है। दरभंगा में नए टर्मिनल और रनवे का काम तेजी से चल रहा है। यहां करीब 3,700 मीटर लंबा रनवे तैयार किया जा रहा है। नया टर्मिनल वर्ष 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।
दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में मान्यता दिलाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। यहां कार्गो हब के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, जिसका काम 1-2 महीने में पूरा हो जाएगा।
पूर्णिया में बनेगा कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरोसिटी
देवरे ने बताया कि पूर्णिया में भी रनवे को अपग्रेड करने का काम जारी है। एयरपोर्ट के विकास और संचालन के लिए बिहार सरकार ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) को 67.18 एकड़ भूमि हस्तांतरित की है। प्राधिकरण की ओर से यहां 294.05 करोड़ रुपये की लागत से सिविल एन्क्लेव का निर्माण किया जा रहा है।
इसके अलावा हवाई अड्डे के पास कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरोसिटी के निर्माण के लिए करीब 567 एकड़ भूमि अर्जित की जाएगी। इसके लिए लगभग 290 करोड़ रुपये की स्वीकृति की कार्रवाई की जा रही है।
गया एयरपोर्ट पर घने कोहरे में भी उतर सकेंगे विमान
सचिव ने कहा कि गया एयरपोर्ट पर कैट-1 लाइटिंग सिस्टम लगाने के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो गया है। यह सिस्टम स्थापित होने के बाद घने कोहरे, धुंध और कम विजिबिलिटी में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग हो सकेगी। इसके साथ ही गया कम विजिबिलिटी में विमान संचालन करने वाला बिहार का पहला एयरपोर्ट बन जाएगा।
रक्सौल एयरपोर्ट के लिए तैयार हो रही डीपीआर
देवरे ने बताया कि मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा के हवाई अड्डे उड़ान योजना के तहत विकसित किए जाएंगे। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल में बड़ा एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, जिसे 3-4 साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। अब यह जमीन एएआई को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है और डीपीआर तैयार की जा रही है।
मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डे पर करीब 27.67 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल भवन और 31.20 करोड़ रुपये से रनवे का निर्माण शुरू हो चुका है। वाल्मीकिनगर में 27.15 करोड़ रुपये से टर्मिनल और 23.80 करोड़ रुपये से रनवे बनेगा। यहां संपर्क सड़क के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया है। यहां 30.48 करोड़ रुपये से टर्मिनल भवन और 28.42 करोड़ रुपये से रनवे बनेगा। सहरसा में रनवे के अतिरिक्त विकास के लिए 12 एकड़ से अधिक जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। यहां रनवे निर्माण पर 42.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे।


Click it and Unblock the Notifications
