मध्य प्रदेश में सरकारी सेवाओं के लिए अब एक ही लॉगिन, ‘जनपरिचय’ से नागरिकों को मिलेगी बड़ी सुविधा
मध्य प्रदेश जन परिचय पेश करता है, एक राष्ट्रीय सिंगल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म जो राज्य, केंद्रीय और अन्य पोर्टलों को जोड़ता है। नागरिक एक ही खाते से कई सरकारी सेवाओं तक पहुंच सकते हैं, बार-बार पंजीकरण और लॉगिन को कम कर सकते हैं, साथ ही मानकीकृत प्रमाणीकरण और प्लग-एंड-प्ले एकीकरण के माध्यम से डेटा गोपनीयता और सुरक्षा बढ़ा सकते हैं।
भोपाल, 27 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए अब अलग-अलग पोर्टल पर बार-बार पंजीयन और लॉगिन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ‘जनपरिचय – मेरी पहचान’ (नेशनल सिंगल साइन-ऑन) के माध्यम से नागरिक एक ही अकाउंट से प्रदेश सरकार के साथ-साथ केंद्र और अन्य राज्यों की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच सकेंगे। इससे सरकारी सेवाओं का उपयोग आसान, तेज और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि जनपरिचय नागरिकों की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण और समयानुकूल पहल है। इसका उद्देश्य डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल में आने वाली प्रक्रियाओं को सरल बनाना और नागरिकों का समय बचाना है। उन्होंने कहा कि बार-बार ओटीपी दर्ज करने जैसी प्रक्रियाओं को कम करने के लिए सुरक्षित ऑटोमेशन जरूरी है। डेटा प्राइवेसी और सुरक्षा के मजबूत प्रावधानों के साथ इस प्लेटफॉर्म से नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा दिया जा सकेगा।
अपर मुख्य सचिव शुक्रवार को आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में जनपरिचय के प्रभावी क्रियान्वयन और तकनीकी एकीकरण पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इसका आयोजन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से किया गया।
राज्य सूचना-विज्ञान अधिकारी एवं एनआईसी मध्य प्रदेश के उप महानिदेशक सुनील जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश के विभिन्न विभागों की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। फिलहाल नागरिकों को अलग-अलग सेवाओं के लिए विभिन्न पोर्टल पर पंजीयन कराना पड़ता है और अलग-अलग लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड का इस्तेमाल करना होता है।
जनपरिचय लागू होने के बाद एक ही अकाउंट के जरिए मध्य प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के विभिन्न पोर्टल एवं एप्लीकेशन का उपयोग किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आगामी एक-दो माह में प्रदेश के सभी विभागों के पोर्टल और एप्लीकेशन की समीक्षा कर उन्हें जनपरिचय से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग और डेवलपमेंट टीम की व्यवस्था की गई है।
आयुक्त, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण दिनेश जैन ने बताया कि उनका विभाग सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर उपार्जन जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित करता है। इन योजनाओं से प्रदेश की बड़ी आबादी जुड़ी हुई है। विभाग की प्रमुख एप्लीकेशन को भी निर्धारित समय-सीमा में राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म से एकीकृत किया जाएगा।
बार-बार पंजीयन और अलग-अलग पासवर्ड से मिलेगी मुक्ति
कार्यशाला में बताया गया कि जनपरिचय के जरिए नागरिकों को विभिन्न सरकारी पोर्टल और एप्लीकेशन पर बार-बार पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी। एकीकृत प्रोफाइल के माध्यम से वे जनपरिचय से जुड़ी केंद्र और राज्य सरकार की सेवाओं तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे सरकारी सेवाओं का उपयोग अधिक सरल, सुगम और त्वरित होगा।
अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि एक बार नागरिकों का डेटाबेस तैयार होने के बाद विभिन्न विभागों और संस्थानों को जरूरत के अनुसार प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे नागरिकों का समय बचेगा और सरकारी प्रक्रियाएं अधिक सहज बनेंगी।
विभागीय एप्लीकेशन के लिए प्लग-एंड-प्ले प्रमाणीकरण
कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में एप्लीकेशन डेवलपर्स और विभागीय तकनीकी टीमों को जनपरिचय की प्लग-एंड-प्ले प्रमाणीकरण सुविधा की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस व्यवस्था से विभागों को अपने एप्लीकेशन में अलग से कस्टम लॉगिन, ओटीपी और पासवर्ड रिकवरी मॉड्यूल विकसित करने तथा उनका रखरखाव करने की जरूरत कम होगी।
इसके साथ ही OAuth 2.0, OpenID Connect, SAML और API आधारित एकीकरण मानकों तथा टोकन प्रबंधन की प्रक्रिया समझाई गई। सरकारी वेब पोर्टल और मोबाइल एप्लीकेशन को जनपरिचय से जोड़ने की चरणबद्ध प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया। प्रमाणीकरण, टोकन प्रबंधन और स्टेजिंग एनवायरनमेंट में परीक्षण का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया।
पंजीयन, KYC और सिंगल-क्लिक ऑनबोर्डिंग का प्रदर्शन
कार्यशाला में जनपरिचय प्लेटफॉर्म पर पंजीयन, KYC और सिंगल-क्लिक ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसमें उपयोगकर्ता के पंजीयन एवं प्रोफाइल सत्यापन, विभागीय उपयोगकर्ताओं के मौजूदा डेटाबेस के प्रबंधन, उपयोगकर्ताओं की मैपिंग और अलग-अलग नागरिक समूहों तक सेवाएं पहुंचाने से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
एनआईसी मुख्यालय और मध्य प्रदेश की विशेषज्ञ टीम ने राष्ट्रीय एकल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म की प्रणाली संरचना, प्रमुख विशेषताओं, साइबर सुरक्षा मानकों और एकीकरण प्रक्रियाओं पर प्रस्तुतियां दीं। एनआईसी मुख्यालय के उप महानिदेशक एवं समूह समन्वयक वी. टी. वी. रमणा, उप महानिदेशक दयाल खंडेलवाल और वरिष्ठ निदेशक एवं विभागाध्यक्ष जनपरिचय संजय शर्मा ने तकनीकी जानकारी साझा की।
लाइव डेमो और प्रश्नोत्तरी से तकनीकी शंकाओं का समाधान
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के आईटी नोडल अधिकारियों, प्रोग्रामर्स और तकनीकी सलाहकारों ने भाग लिया। लाइव डेमो, केस स्टडी और प्रश्नोत्तरी सत्र के जरिए विभागीय पोर्टल के मौजूदा यूजर डेटाबेस के समन्वय, नागरिकों की मैपिंग और एकीकृत प्रमाणीकरण की प्रक्रिया समझाई गई। प्रतिभागियों की तकनीकी शंकाओं का समाधान भी किया गया। विभागीय तकनीकी टीमों ने निर्धारित समय-सीमा में सैंडबॉक्स परीक्षण और लाइव एकीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी व्यक्त की।
जनपरिचय की प्रमुख विशेषताएं
जनपरिचय एक सिंगल साइन-ऑन प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक ही प्रमाणीकरण प्रणाली से जोड़ा जा सकता है। एक बार लॉगिन और प्रमाणीकरण होने के बाद नागरिकों को हर सेवा के लिए अलग-अलग लॉगिन करने की जरूरत नहीं होती।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभागों को ई-ऑथेंटिकेशन की सुविधा मिलती है। इसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एप्लीकेशन आधारित आईडी से सत्यापन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा OTP, बैकअप कोड, टैप और टोकन आधारित मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था भी है।
जनपरिचय एनालिटिक्स के जरिए यूजर सेशन की रियल-टाइम निगरानी और विश्लेषण किया जा सकता है। इससे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और प्रोफाइल हैकिंग की आशंका कम करने में मदद मिलती है। प्लेटफॉर्म असीमित यूजर बेस को सपोर्ट करता है, हालांकि इसकी वास्तविक क्षमता उपलब्ध बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर करेगी।
राज्य सरकार का लक्ष्य एनआईसी के सहयोग से जनपरिचय को सभी विभागों के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है, ताकि नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए एक सुरक्षित, सरल और एकीकृत लॉगिन सुविधा मिल सके।


Click it and Unblock the Notifications
