IPL 2022 में कहां हो रही है दिल्ली कैपिटल्स से गलती, वसीम जाफर ने गिनाई टीम की कमजोरी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 45वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का सामना लखनऊ सुपरजाएंटस से हुआ, जिसमें ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 6 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ जहां दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये प्लेऑफ की राह मुश्किल होती जा रही है, तो वहीं पर लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने अंकतालिका में दूसरे पायदान पर कब्जा जमा लिया है। लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 3 विकेट खोकर 195 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 7 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम को मिली एक और करीबी हार के बाद कई दिग्गजों ने टीम के संयोजन और बल्लेबाजी में हो रही गलतियों पर सवाल उठाया है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी अपनी राय देते हुए बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम से इस सीजन कहां लगातार गलती हो रही है, जिसके चलते उसे लगातार हार का सामना करना पड़ा है।
और पढ़ें: कप्तान बदलते ही जीत की राह पर लौटी चेन्नई सुपर किंग्स, मुकेश-गायकवाड़ के दम पर हैदराबाद को हराया

वॉर्नर-शॉ पर ज्यादा निर्भर करती है दिल्ली
वसीम जाफर का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने सलामी बल्लेबाजों पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर के योगदान पर बहुत ज्यादा निर्भर करती है, जिसके चलते टीम के लिये जब यह जोड़ी रनों का योगदान देने में नाकाम हो जाते हैं तो दिल्ली की बल्लेबाजी की पोल खुल जाती है। वसीम जाफर ने इस दौरान कप्तान ऋषभ पंत की फॉर्म पर भी चिंता जताई है और कहा है कि दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन मिली 4 जीतों में कुलदीप यादव का प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतना बताता है कि बल्लेबाजी में टीम कितनी कमजोर है और कुलदीप यादव उसके सबसे अहम खिलाड़ी बनकर उभरे हैं।
Recommended Video

अन्य बैटर्स को लेनी होगी जिम्मेदारी
वसीम जाफर ने आगे बात करते हुए कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के लिये अक्षर पटेल की गेंदबाजी भी परेशानी का सबब बनी हुई है, जिन्हें इस सीजन अपना पहला विकेट हासिल करने के लिये 4 मैच का इंतजार करना पड़ा तो वहीं पर वो कुलदीप यादव को वो साथ नहीं दे पा रहे हैं, जिसकी टीम को उनसे उम्मीद है। वसीम जाफर का मानना है कि अगर दिल्ली कैपिटल्स को आने वाले मैचों में जीत के साथ वापसी करनी है तो मिचेल मार्श का फॉर्म में लौटना जरूरी है तो वहीं पर ललित यादव और रोवमैन पॉवेल को भी बल्ले से योगदान देना होगा।

अक्षर पटेल की खराब फॉर्म बढ़ा रही मुश्किल
उन्होंने कहा,'वह बहुत ज्यादा स्तर पर पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर की बल्लेबाजी पर निर्भर कर रहे हैं, जबकि पंत की फॉर्म कुछ खास नजर नहीं आई है। उन्होंने लगातार मैचों में जीत हासिल नहीं की है। जिन 4 मैचों में उन्हें जीत मिली है उसमें कुलदीप यादव मैन ऑफ द मैच बने हैं। जिस दिन यादव का दिन खराब होता है उस दिन गेंदबाजी यूनिट फेल नजर आती है क्योंकि अक्षर पटेल विकेट नहीं चटका रहे हैं। दिल्ली के लिये मिचेल मार्श, ललित यादव और रोवमैन पॉवेल को भी योगदान देना होगा, जिन्होंने कुछ मैचों में बल्लेबाजी की झलक तो जरूर दिखाई है पर कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं।'

पॉवेल को मिले अतिरिक्त जिम्मेदारी
वहीं पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का मानना है कि वेस्टइंडीज के विस्फोटक खिलाड़ी पॉवेल को बल्ले से सिर्फ 4-5 ओवर खेलने के बजाय अतिरिक्त जिम्मेदारी देनी चाहिये। अजहरुद्दीन ने इस दौरान अबुधाबी टी10 लीग के दौरान पॉवेल से की गई बातचीत के बारे में भी बताया और कहा कि अगर उन्हें नंबर 3 या 4 पर खेलने के लिये भेजा जाये और वो खुद को आखिरी ओवर्स तक मैदान पर रखने में कामयाब हो जाते हैं तो दिल्ली के लिये काफी फायदेमंद साबित होगा।
उन्होंने कहा,'पॉवेल हमेशा आखिरी के 4 या 5 ओवर में बल्लेबाजी करने के लिये आते हैं, लेकिन अगर आप उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हैं तो वो काफी अच्छे खिलाड़ी साबित होंगे। टी10 टूर्नामेंट में जब मैंने बांग्ला टाइगर्स के लिये मेंटॉर की जिम्मेदारी निभाई थी तो मैंने उनसे बात की थी, वो नंबर 3 और 4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और अगर वो आखिरी तक रह जाते हैं तो दिल्ली का बल्लेबाजी क्रम बेशक मजबूत स्थिति में पहुंच जायेगा।'












Click it and Unblock the Notifications