कप्तान बदलते ही जीत की राह पर लौटी चेन्नई सुपर किंग्स, मुकेश-गायकवाड़ के दम पर हैदराबाद को हराया
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के 46वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ, जहां पर येलो आर्मी के फैन्स को काफी पुरानी चीजें देखने को मिली। जहां इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के लिये महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तान के रूप में वापसी की तो वहीं पर अब तक 6 मैच हार चुकी सीएसके की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पुराने रंग में नजर आई और इस सीजन की तीसरी जीत हासिल की। सीएसके के लिये इस मैच में ऐसा लगा जैसे कि कप्तान बदलते ही किस्मत ने करवट ले ली है और वो फॉर्म जो खोई हुई थी वो भी वापस लौट आई है।

टॉस हारने के बाद सीएसके की टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिये उतरना पड़ा, जहां पर ऋतुराज गायकवाड़ (99) और डेवॉन कॉन्वे (85) ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी कर डाली और पहले विकेट के लिये 182 रन जोड़ डाले। इसके चलते सीएसके की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 2 विकेट खोकर 202 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
और पढ़ें: क्या IPL 2022 के बाद संन्यास लेंगे एमएस धोनी, कप्तानी में लौटते ही खुद दिया जवाब
जवाब में 203 रनों का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने विस्फोटक शुरुआत की और महज 5.4 ओवर्स में 58 रन बना डाले। अभिषेक शर्मा (39) और केन विलियमसन (47) ने ताबड़तोड़ शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 58 रनों की साझेदारी कर डाली और जैसे ही लगा कि हैदराबाद की टीम पावरप्ले में कोई विकेट नहीं खोयेगी, तभी मुकेश चौधरी ने पावरप्ले की आखिरी दो गेंदों पर लगातार 2 विकेट चटकाकर अपनी टीम की वापसी करा दी।
मुकेश ने पहले अभिषेक शर्मा को प्रेटॉरियस के हाथों कैच कराया तो वहीं पर अगली गेंद में राहुल त्रिपाठी को सिमरजीत सिंह को कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। विलियमसन ने यहां से मार्करम (17) के साथ पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन सैंटनर ने मार्करम को आउट कर अपनी टीम की वापसी करा दी। प्रिटोरियस ने विलियमसन को आउट कर अपनी टीम की संभावनाओं को मजबूत कर दिया लेकिन 18वें ओवर में मुकेश चौधरी ने एक बार फिर से दो विकेट लेकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
और पढ़ें: CSK vs SRH: 99 के फेर में फंसे ऋतुराज गायकवाड़, शतक से चूकने पर जानें क्या बोले
सनराइजर्स हैदराबाद के लिये निकोलस पूरन ने थोड़ी लडाई जरूर लड़ी और 33 गेंदों में 3 चौके और 6 छक्कों की मदद से नाबाद 66 रनों की पारी खेली लेकिन अपनी टीम को जीत दिलाने से 13 रन दूर रह गये। सनराइजर्स हैदराबाद के लिये निकोलस पूरन ने आखिरी ओवर में 3 छक्के और एक चौके की मदद से 24 रन बटोरे जिसकी वजह से हैदराबाद की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी और 13 रन से मैच हार गई।












Click it and Unblock the Notifications