'उसने हर बार से ज्यादा गलतियां की है', RCB के फेल होने पर सहवाग ने कोहली को बताया दोषी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का दूसरा क्वॉलिफायर मैच शुक्रवार को अहमदाबाद के मैदान पर खेला गया जहां पर राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एकतरफा अंदाज में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम को 7 विकेट से मात देकर दूसरी बार फाइनल में पहुंचने का कारनामा किया है। इसके साथ ही आरसीबी का 15 सीजन से खिताब जीतने का सपना एक बार फिर से पूरा नहीं हो सका है। आरसीबी की टीम ने अब तक खेले गये सीजन के दौरान 2 बार फाइनल, 3 बार दूसरे क्वॉलिफायर और 3 बार एलिमिनेटर तक पहुंचने का कारनामा किया है लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा है।

कुछ ही ऐसा नजारा आईपीएल 2022 के दूसरे क्वालिफायर में भी देखने को मिला जहां पर आरसीबी के फैन्स को अपने पूर्व कप्तान विराट कोहली से एक बड़ी पारी खेलने की उम्मीद थी और जब दोनों ने पारी का आगाज किया तो उन्हें लगा कि शायद इस बार इतिहास बदल जायेगा और आखिरकार उनका इतने सालों का इंतजार खत्म हो जायेगा।
और पढ़ें: RCB vs RR: फिर टूटा आरसीबी का खिताब जीतने का सपना, बटलर की पारी से फाइनल में पहुंची राजस्थान रॉयल्स
Recommended Video

जारी है नॉकआउट मैच में फ्लॉप रहने का सिलसिला
हालांकि जो हुआ वो फैन्स का दिल तोड़ने वाला था। विराट कोहली एक बार फिर से आरसीबी के लिये नॉकआउट मैचों में डिलिवर करने में नाकाम रहे और सिर्फ 7 रन बनाकर वापस पवेलियन लौटे। प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें दूसरे ही ओवर में आउट कर वापस भेज दिया, जहां पर वो सिर्फ 8 गेंद ही खेल सके थे। नॉकआउट मैचों में आरसीबी के टॉप ऑर्डर को फ्लॉप होने का सिलसिला इस मैच में भी जारी रहा, हालांकि रजत पाटीदार की अर्धशतकीय पारी के दम पर आरसीबी की टीम 157 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने जोस बटलर की नाबाद शतकीय पारी के दम पर मैच को 19वें ओवर में ही खत्म कर दिया।

गेंद का पीछा करते हुए आउट हुए कोहली
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली ने जब मैदान पर कदम रखा तो वो अच्छी लय में नजर आ रहे थे और पहले ही ओवर में स्क्वॉयर लेग के ऊपर से छक्का जड़ा था। लेकिन अगले ही ओवर में वाइड जा रही गेंद का पीछा करते हुए बल्ले का किनारा लगवा बैठे और संजू सैमसन के हाथों में आसान सा कैच दे दिया। विराट कोहली ने इस साल खेले गये 16 मैचों में सिर्फ 22.73 की औसत और 115.99 की स्ट्राइक रेट से महज 341 रन ही बनाये। नॉकआउट मैचों में कोहली की लगातार गलती को देखते हुए भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंदर सहवाग ने उनके पूरे सीजन का विश्लेषण किया और कहा कि जहां एक तरफ कोहली के साथ उनकी किस्मत नहीं नजर आई तो वहीं पर कई मौकों पर उनकी गलतियां कोहली की बल्लेबाजी पर भारी पड़ी।

फॉर्म से दूर रहने पर आप करते हैं ऐसी गलतियां
सहवाग ने कहा कि आरसीबी के लिये खेलते हुए विराट कोहली इस सीजन हर उस तरह से अपना विकेट खोते नजर आये, जिससे एक बैटर आउट हो सकता है। सहवाग का मानना है कि विराट कोहली को इस अहम मैच में टीम के लिये ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करना चाहिये था।
क्रिकबज से बात करते हुए उन्होंने कहा,'जब आप आउट ऑफ फॉर्म होते हैं तो आप हर गेंद को बल्ले के बीच से खेलना चाहते हैं, ताकि आपका आत्म-विश्वास बढ़ सके। पहले ओवर में उसने कुछ गेंदों को छोड़ा लेकिन यही होता है जब आप फॉर्म से बाहर होते हैं। आप गेंद का पीछा करते हैं और कई बार किस्मत आपका साथ देती है और वो गेंद आपके बल्ले का किनारा नहीं लेती, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। यह वो विराट कोहली नहीं थे जिसे हम सब जानते हैं, हो सकता है कि इस सीजन कोई दूसरा विराट कोहली खेलने उतरा था।'

अपने करियर से ज्यादा गलती इस सीजन की
सहवाग ने आगे बात करते हुए कहा कि विराट कोहली ने इस सीजन जितनी गलतियां की है उतनी गलतियां उन्होंने शायद अपने पूरे करियर में नहीं की है। जब आप रन नहीं बना रहे होते हैं तो आप अलग-अलग चीजें करने की कोशिश करते हैं और अलग-अलग तरीकों से अपना विकेट गंवा देते हैं। इस बार विराट कोहली हर उस तरीके से आउट हुए जिससे एक बैटर अपना विकेट गंवा सकता है। वो उस गेंद को छोड़ सकते थे या फिर बहुत तेजी से मार सकते थे। उन्होंने अपने और आरसीबी के फैन्स को निराश किया क्योंकि यह बहुत बड़ा मैच था।

रन न होने से निराश थे कोहली
पार्थिव पटेल ने भी विराट कोहली के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि वो आत्म-विश्वास के साथ नहीं खेल रहे थे क्योंकि वो इस पूरे सीजन बहुत ज्यादा रन बनाकर नहीं आ रहे थे। जब आप बहुत ज्यादा रन नहीं बनाते हैं तो जरूरत से ज्यादा बेचैन रहते हैं। यहां पर दिक्कत यह है कि कोहली कट शॉट नहीं खेलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications