बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बहार, लोग विराट कोहली को क्यों करने लगे ट्रोल?
नई दिल्ली, जुलाई 18। इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने वनडे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। साल 2011 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाले बेन स्टोक्स मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने वनडे करियर का आखिरी मैच खेलेंगे। हाल ही में भारत के खिलाफ खत्म हुई वनडे सीरीज में भी बेन स्टोक्स टीम का हिस्सा थे, लेकिन पूरी सीरीज में वो फ्लॉप रहे थे, जिसकी वजह से उन्होंने वनडे क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया।

कोहली क्यों हो रहे हैं ट्रोल?
बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद से सोशल मीडिया पर विराट कोहली ट्रोल होना शुरू हो गए हैं। साथ ही बेन स्टोक्स के संन्यास की घोषणा को लेकर भी मीम्स वायरल हो रहे हैं। बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद कोहली के ट्रोल होने की वजह है उनका खराब फॉर्म, क्योंकि बेन स्टोक्स भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में बुरी तरह फ्लॉप थे। ना तो उन्होंने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था और ना ही उन्होंने बल्लेबाजी में कुछ अच्छा किया था, इसलिए उन्होंने एक फॉर्मेट को अलविदा कहने का फैसला किया। अब सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स कोहली के लिए भी यही इशारा कर रहे हैं कि उन्हें भी एक फॉर्मेट छोड़ देना चाहिए।

इंग्लैंड टूर पर फ्लॉप रहे कोहली
आपको बता दें कि विराट कोहली का इंग्लैंड के दौरे पर प्रदर्शन बहुत ही शर्मनाक रहा। टेस्ट, टी20 या फिर वनडे विराट का बल्ला किसी भी फॉर्मेट में नहीं चला। कोहली किसी भी सीरीज में बड़ी पारी खेलने में पूरी तरह नाकाम रहे। कोहली के इस बुरे दौर के बीच तो उन्हें टीम से बाहर करने की भी मांग उठने लगी। कई पूर्व क्रिकेटरों ने कोहली की जगह युवा खिलाड़ियों को मौका देने की मांग की थी। आपको बता दें कि कोहली ने 2019 के बाद कोई भी अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं बनाया है।

मंगलवार को करियर का आखिरी मैच खेलेंगे स्टोक्स
आपको बता दें कि बेन स्टोक्स मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे करियर का आखिरी मैच खेलेंगे। उन्होंने 2011 में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। वनडे करियर में बेन स्टोक्स ने 104 मैच अभी तक खेले हैं, जिसमें उन्होंने 39.45 की औसत से 2919 रन बनाए हैं। वनडे में तीन शतक भी उनके नाम हैं। इसके अलावा 21 हाफ सेंचुरी उन्होंने अपने करियर में जड़ी हैं। गेंदबाजी में भी स्टोक्स ने वनडे में 74 विकेट हासिल किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications