जनवरी 2023 से खेली जायेगी एक और टी20 लीग, 6 टीमों के टूर्नामेंट में 4 भारतीय
नई दिल्ली। एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए अंतर्राष्ट्रीय लीग टी20 (ILT20) के पहले सीजन की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 6 टीमों के बीच खेली जाने वाली फ्रैंचाइजी आधारित इस टी20 टूर्नामेंट का पहला संस्करण यूएई के अंतर्राष्ट्रीय मैदानों पर 6 जनवरी से 12 फरवरी 2023 के बीच खेला जायेगा, जिसमें कुल 34 मैचों का आयोजन किया जायेगा। एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड ने इसी साल इस टूर्नामेंट को आयोजित करने की कोशिश की थी लेकिन कोरोना वायरस के चलते वह सिर्फ टीमों की नीलामी ही कर सका।
Recommended Video

हालांकि अब यूएई क्रिकेट बोर्ड इसे आयोजित करने की तैयारी कर चुका है और इसके लिये उसने 6 जनवरी से 12 फरवरी का विंडो चुना है। एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और मिनिस्टर ऑफ टॉलरेंस एंड को-एक्जिसटेंस शेख नहायान मबारक ने इसको लेकर बयान जारी किया है।
उन्होंने कहा,'एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड को यह जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोलकाता नाइट राइडर्स, कैप्री ग्लोबल, जीएमआर, लैंसर कैपिटल्स और अडानी स्पोर्टस समेत सभी स्टेक होल्डर्स के योगदान से यूएई की टी20 लीग का आगाज होना तय हो गया है। यूएई टी20 लीग में ऐसे बड़े नामों का साथ आना हमारे लिये गर्व की बात है। इन सहभागियों के योगदान और विश्वास से एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड को पूरा यकीन है कि यूएई की टी20 लीग का भविष्य काफी शानदार रहने वाला है।'
उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट के जरिये एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड अपने स्थानीय क्रिकेटर्स को बड़े स्तर पर खेलने का अनुभव देगा जिससे उसकी टीम को आगे बढ़ने में काफी मदद मिलेगी। यूएई की यह टी20 लीग एमिरेटस क्रिकेट बोर्ड के बड़े प्रोजेक्ट के तौर पर देखी जा रही है जिसमें अच्छे और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने का मौका दिया जायेगा।
और पढ़ें: फ्रेच ओपन जीत राफेल नडाल ने रचा इतिहास, कैस्पर को हराकर नाम किया 22वां ग्रैंड स्लैम
आपको बता दें कि इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें खेलती नजर आयेंगी जिसमें दिल्ली कैपिटल्स के मालिकाना हक वाली जीएमआर और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें भी हिस्सा लेंगी। दोनों टीमें दुनिया की सबसे अमीर और मशहूर लीग आईपीएल में खेलती नजर आती हैं। इन दोनों के अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज और अडानी स्पोर्टस भी भारतीय मालिकाना हक वाली टीमें होंगी।












Click it and Unblock the Notifications