Diljit Dosanjh के अहमदाबाद कॉन्सर्ट में बड़ी घटना, 10K के टिकट लेकर घुसे, चुराए लाखों के 11 फोन, दो अरेस्ट

Diljit Dosanjh: दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में जहां हजारों फैंस उनके गानों पर झूम रहे थे, वहीं कुछ लोग कथित तौर पर इस भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन चोरी करने में जुटे थे। अहमदाबाद में आयोजित 'ऑरा इंडिया टूर' के दौरान मोबाइल चोरी के आरोप में दिल्ली के दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत 4.30 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

दिलजीत दोसांझ के अहमदाबाद कॉन्सर्ट में बड़ी घटना
खास बात ये है कि दोनों आरोपी खुद कॉन्सर्ट का आनंद लेने के लिए पहुंचे थे और उन्होंने 5-5 हजार रुपये के गोल्ड पास भी खरीदे थे। हालांकि पुलिस का आरोप है कि शो के दौरान उन्होंने दूसरे लोगों के मोबाइल फोन पर हाथ साफ किया। फिलहाल दोनों पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे इस मामले में पूछताछ की जा रही है।

Diljit Dosanjh

अहमदाबाद कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने पहुंचे थे आरोपी

-ये घटना शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित दिलजीत दोसांझ के 'AURA INDIA TOUR' कॉन्सर्ट की है। अहमदाबाद पुलिस की जोन-2 लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) को पहले ही सूचना मिली थी कि दिल्ली से कुछ संदिग्ध लोग कॉन्सर्ट में मोबाइल फोन चोरी करने के इरादे से पहुंच सकते हैं।

-इसके बाद पुलिस टीम ने स्टेडियम और उसके आसपास के एंट्री और एक्जिट गेट्स पर निगरानी बढ़ा दी। पुलिस के मुताबिक सब-इंस्पेक्टर केडी पटेल और जोन-2 स्क्वाड के जवान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि चोरी करने वाले कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद फोन लेकर भीड़ के बीच से बाहर निकलने की कोशिश करेंगे।

स्टेडियम से बाहर निकलते समय पुलिस ने दबोचा

-सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्टेडियम के गेट के आसपास निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की। इसी दौरान दो संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर मोटेरा पुलिस स्टेशन भेज दिया गया।

-पुलिस ने आरोपियों की पहचान 36 साल के मोहम्मद असद मोहम्मद गुलजार और 24 साल के अशरफ हुसैन नूर हुसैन इदरीसी के रूप में की है। दोनों दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बरामद मोबाइल फोन में एप्पल और सैमसंग जैसे महंगे ब्रांड के फोन शामिल हैं।

भीड़ में पहचान छिपाने के लिए बांधी थी पगड़ी

-पुलिस की जांच में ये भी सामने आया है कि कथित तौर पर दोनों आरोपी भीड़ में आसानी से घुलने-मिलने और अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर पगड़ी बांधकर कॉन्सर्ट में पहुंचे थे। उन्होंने इवेंट में एंट्री के लिए गोल्ड पास खरीदे थे जिसकी कीमत प्रति व्यक्ति 5,000 रुपये थी।

-पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि क्या दोनों आरोपी केवल इसी कॉन्सर्ट में चोरी करने पहुंचे थे या फिर इससे पहले भी बड़े आयोजनों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उनके पुराने रिकॉर्ड और संभावित अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

8 लोगों ने मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराई

-मोटेरा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर आरवी विंची के मुताबिक अब तक 8 लोगों ने अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। एक अन्य फोन के मालिक की पहचान भी हो चुकी है जबकि बरामद किए गए दो मोबाइल फोन के मालिकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

-पुलिस को आशंका है कि कॉन्सर्ट के दौरान मोबाइल चोरी की कुछ अन्य घटनाएं भी हुई हो सकती हैं, जिनकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किए जाने की तैयारी थी। पुलिस उनकी हिरासत लेकर पूछताछ करना चाहती है ताकि चोरी की अन्य वारदातों और उनके संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

कॉन्सर्ट में सुरक्षा और भीड़ के बीच चोरी की घटनाएं फिर चर्चा में

बड़े संगीत कार्यक्रमों में हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच मोबाइल फोन चोरी की घटनाएं अक्सर सुरक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती बन जाती हैं। अहमदाबाद के इस मामले में पुलिस की सतर्कता से दो संदिग्धों को पकड़ा गया और कई मोबाइल फोन बरामद हुए। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कथित चोरी के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या दोनों आरोपी अकेले ही ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+