पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने जो रूट को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी, बोले- सचिन का ये वाला रिकॉर्ड होगा धराशायी
नई दिल्ली। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच लॉर्डस के मैदान पर खेला गया, जहां पर पूर्व कप्तान जो रूट ने अपने टेस्ट करियर का 26वां शतक लगाकर इंग्लैंड की टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई और सीरीज में 1-0 की बढ़त भी बना ली है। इस दौरान जो रूट ने अपने टेस्ट करियर में 10 हजार रन भी पूरे कर लिये और इंग्लैंड के लिये यह कारनामा करने वाले दूसरे बैटर बन गये हैं। जो रूट की इस मैच जिताऊ पारी ने दुनिया भर के दिग्गज क्रिकेटर्स को उनका मुरीद बना दिया है।

Recommended Video
रूट की बल्लेबाजी के फैन होने वाले दिग्गजों में एक नाम ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर का भी है जिन्होंने इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ करते हुए बड़ी भविष्यवाणी कर डाली है। मार्क टेलर का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड इंग्लैंड का यह बैटर आसानी से तोड़ सकता है।
और पढ़ें: हर्षल पटेल के साथ अपनी लड़ाई को लेकर रियान पराग ने तोड़ी चुप्पी, बताया वहां पर असल में क्या हुआ था

सचिन का यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं रूट
सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर के दौरान 15921 अंतर्राष्ट्रीय रन बनाये थे। स्काई स्पोर्टस से बात करते हुए मार्क टेलर ने कहा,'जो रूट के पास अभी भी उनके टेस्ट करियर में कम से कम 5 साल का खेल बचा हुआ है तो मुझे लगता है कि सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड वो पार कर सकते हैं। पिछले डेढ़-2 साल में रूट काफी शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और वो अपने करियर के सबसे बेहतरीन समय में हैं। अगर वो चोटिल नहीं होते हैं तो उनके करियर में 15 हजार से ज्यादा रन आसानी से लिखे हुए हैं।'

सबसे तेज 10 हजार रन बनाने वाले इंग्लिश बैटर बने रूट
गौरतलब है कि जो रूट इंग्लैंड के लिये 10 हजार रनों का आंकड़ा पार करने वाले दूसरे ही बैटर बने हैं, उनसे पहले यह कारनामा एलिस्टर कुक ने किया था, जबकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले 14वें खिलाड़ी बनें। रूट ने अपने करियर की 218वीं पारी में यह कारनामा किया जबकि कुक ने 229वीं पारी में 10 हजार रनों के आंकड़े को पार किया था, जिसके चलते वो इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सबसे तेज इंग्लिश बल्लेबाज बने हैं।

रनों का पहाड़ खड़ा कर सकते हैं रूट
स्काई स्पोर्टस से ही बात करते हुए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने कहा,'वह हमेशा से ही एक विश्व-स्तरीय खिलाड़ी लगे हैं। उनकी तकनीक हमेशा से ही शानदार रही है, उनके पास रिदम है और लगातार मैचों में प्रदर्शन करने की लय भी है। उनमें अभी भी रनों का पहाड़ खड़ा करने की भूख बरकरार है।'

रूट के कंधों से बोझ हट गया
नासिर हुसैन ने इस दौरान उनकी कप्तानी की भी तारीफ की और उनके 10 हजार रनों की उपलब्धि को लेकर भी बधाई दी। उन्होंने कहा,'10 हजार रन पूरे करना अपने आप में खास दिन होता है जिसे वो पूरी तरह से डिजर्व करते हैं। इंग्लैंड के कप्तान के रूप में उन्होंने पिछले कुछ सालों में कोविड, बायोबबल लाइफ और मैचों में हार के साथ जो कुछ सहा है उसके बाद यह काफी खास है। उन्हें ऐसा लगा होगा कि जैसे कंधे से बोझ हट गया है। इंग्लिश क्रिकेट में जो कुछ भी घट रहा था वो बस उनका ही दरवाजा खटखटा रहा था।'












Click it and Unblock the Notifications