पब के बाहर झड़प से कोमा में पहुंचा साउथ अफ्रीका क्रिकेट का युवा पेसर, U19 विश्वकप में मचा चुका है धमाल
नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के फैन्स के लिये बुरी खबर आई है, जिसके युवा तेज गेंदबाज मोंडली खुमालो एक दुर्घटना के चलते कोमा में चले गये हैं। 2020 के अंडर 19 विश्वकप में साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुका यह 20 वर्षीय तेज गेंदबाज शनिवार की रात ब्रिस्टल के ब्रिजवाटर में एक पब में वीकेंड मनाने पहुंचा था, जहां पर पब के बाहर हुई एक हिसंक घटना का शिकार होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सूत्रों के अनुसार इस क्रिकेटर के दिमाग में अंदरूनी चोट लगने की वजह से खून बहा था और इसके चलते उन्हें दो सर्जरी से गुजरना पड़ा और उनकी परिस्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

खुमालो नॉर्थ पीथरटन क्रिकेट क्लब की ओर से अपना पहला प्रोफेशनल विदेशी टूर्नामेंट खेल रहे थे। ईएसपीएन क्रिकइंफो के अनुसार खुमालो ने साउथ अफ्रीका के क्वा-जुलू नटाल इनलैंड के साथ करार किया था और वीकेंड पर अपनी टीम की जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे, जहां पर अप्रिय घटना घटी।
और पढ़ें: ISSF विश्व कप 2022 में भारत को मिला पहला गोल्ड मेडेल, महिला टीम ने खोला पदकों का खाता
रिपोर्ट के अनुसार खुमालो घटना स्थल के बाहर बेहोश पड़े हुए मिले थे और एक आपातकालीन मेडिकल कॉल ने सभी का ध्यान खींचा। इस बीच एक 27 वर्षीय व्यक्ति को खुमालो पर हमला करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए खुमालो की मां यूके के लिये उड़ान भर चुकी हैं।
नॉर्थ पीथर्टन क्रिकेट क्लब और खुमालो के एजेंट रॉब हम्प्रीज ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए मोंडली के बारे में बताया और कहा कि मोंडली बहुत ही दयालु व्यक्ति है। उनकी माता जी को समझ नहीं आ रहा है कि ऐसा कुछ उनके साथ कैसे हो सकता है। नॉर्थ पीथरटन में सभी उन्हें प्यार करते हैं और वो सच में काफी शानदार बच्चा है। वह यहां पर काफी अच्छा समय बिता रहा था और उसने शानदार गेंदबाजी भी की थी और क्लब का बेहतरीन हिस्सा बन गया था।
गौरतलब है कि नॉर्थ पीथरटन क्रिकेट क्लब ने इस युवा क्रिकेटर के लिये एक फंडरेजिंग वेबसाइट को भी बनाया है। आपको बता दें कि खुमालो ने अब तक 4 फर्स्ट क्लास मैच, एक लिस्ट ए मैच और 4 टी20 मैचों में शिरकत की है और इस दौरान 11 फर्स्ट क्लास विकेट और 2 टी20 विकेट अपने नाम किये हैं।












Click it and Unblock the Notifications