हार्दिक पांड्या के लिये कीवी दिग्गज ने बताई सही पॉजिशन, कहा- भारतीय टीम में यहां खेल जितायेंगे विश्वकप
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप 2022 के लिये जैसे-जैसे टूर्नामेंट का आयोजन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे हर टीम अपने खिलाड़ियों के सही कॉम्बिनेशन को तैयार करने पर जोर दे रही है। आईपीएल के 15वें सीजन के तुरंत बाद ही भारतीय टीम ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसे विश्वकप से पहले अपनी तैयारियों को लेकर साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है, जिसके बाद उसे आयरलैंड, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका का दौरा करना है।

Recommended Video
भारतीय टीम को इन सभी देशों के खिलाफ सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज खेलनी है, जिसको लेकर चयनकर्ता युवा खिलाड़ियों को भी मौका देते हुए नजर आयेंगे। 9 जून से खेली जाने वाली इस द्विपक्षीय सीरीज को लेकर भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक समेत कई खिलाड़ियों को मौका दिया गया है जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में शानदार प्रदर्शन किया है।
और पढ़ें: Reports: 24 अगस्त से खेला जायेगा एशिया कप 2022, यूएई में नहीं बल्कि यहां होगा आयोजित

विटोरी ने बताया नंबर 4 की मुश्किल दूर करने का तरीका
इस बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज स्पिनर डैनियल विटोरी ने भारतीय टीम मैनेजमेंट को विश्वकप की तैयारियों के लिये अहम सलाह दी है, जिसका पालन कर भारतीय टीम मैनेजमेंट न सिर्फ छोटे प्रारूप में नंबर 4 की परेशानी को दूर कर सकती है बल्कि ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप में भी जीत हासिल कर सकते हैं। युवराज सिंह के टीम से जाने के बाद से भारतीय टीम ने नंबर 4 की पोजिशन के लिये कई खिलाड़ियों का इस्तेमाल किया है जिसमें ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर का नाम भी शामिल है लेकिन इसके बावजूद वो मध्यक्रम की मश्किलों से उबर नहीं पाई है और अभी तक इस पोजिशन पर कौन खेलेगा यह तय नहीं हो सका है।

अगर हार्दिक खेले नंबर 4 तो जीतेगा भारत
ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए कीवी टीम के कप्तान ने कहा,'अगर आप हार्दिक पांड्या को नंबर 4 पर फिट कर सकते हैं, तो मुझे लगता है कि आपको उसके लिये जाना चाहिये। यह पायदान भारतीय टीम में उनके लिये सबसे बेहतरीन पोजिशन है। आप सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी से कुछ भी छीनना नहीं चाहेंगे लेकिन अगर वहां पर हार्दिक को फिट कर सकते हैं तो यह बेहतर विकल्प रहेगा। हालांकि अभी तक यही लग रहा है कि वो 5वें पायदान पर ही खेलते नजर आयेंगे। अगर ऐसा हुआ तो ऋषभ पंत शायद छठे पायदान पर खेलते नजर आयेंगे।'

आईपीएल 2022 में शानदार रहा है हार्दिक का प्रदर्शन
गौरतलब है कि हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2022 में पहली बार कप्तानी करते हुए अपनी टीम गुजरात टाइटंस को न सिर्फ पहला खिताब जिताया बल्कि बल्ले और गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। हार्दिक पांड्या ने इस सीजन 131.27 की स्ट्राइक रेट से 15 मैचों में 487 रन बनाने का कारनामा किया तो वहीं पर गेंदबाजी में 30.3 ओवर फेंक कर 8 से कम की इकॉनमी से 8 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications