World Cup: रोहित शर्मा को लेकर शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान, बताया क्यों पसंद है 'हिटमैन' के साथ पार्टनरशिप
ICC ODI World Cup 2023: भारत की मेजबानी में होने जा रहे आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 5 अक्टूबर से हो रही है। टूर्नामेंट में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम 14 अक्टूबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी। इस बीच टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल का मानना है कि विश्व कप अभियान में रोहित शर्मा के साथ उनकी शुरुआती साझेदारी महत्वपूर्ण होगी।
ओपनिंग करते हुए गिल और रोहित ने वनडे क्रिकेट में एक साथ शानदार शुरुआत की है। दोनों खिलाड़ियों ने इस फॉर्मेट में एक साथ बल्लेबाजी करते हुए नौ बार 76.11 की औसत से 685 रन जोड़े हैं।

गिल ने आईसीसी को बताया कि, 'रोहित शर्मा के साथ ओपन करना काफी शानदार होता है। खासकर ये जानते हुए कि सारा फोकस उनके ही ऊपर रहने वाला है। वो एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो दूसरे बल्लेबाजों को मौका देते हैं, ताकि वे अपने हिसाब से पारी को आगे बढ़ाए। वो खिलाड़ियों को पूरी आजादी देते हैं कि वह जैसा मर्जी चाहे वैसा ही खेले।
शुभमन गिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट, खासकर 50 ओवर के फॉर्मेट को अच्छी तरह से अपनाया है, जहां उन्होंने 27 मैचों में 62.47 की औसत से रन बनाए हैं। इस खूबसूरत हिटर ने चार शतक भी बनाए हैं, जिसमें एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहरा शतक भी शामिल है।
दूसरी ओर, एकदिवसीय मैचों में रोहित शर्मा को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है, जिन्होंने अपने शानदार करियर में कई रिकॉर्ड बनाए हैं। भारतीय कप्तान इस फॉर्मेट में तीन दोहरे शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं, और वह 2019 संस्करण के दौरान विश्व कप में पांच शतक लगाने वाले एकमात्र क्रिकेटर बन गए।
शुभमन गिल ने आगे बताया कि रोहित शर्मा अलग एरिया को टार्गेट करते हैं और मैं अलग तरह के शॉट्स खेलता हूं। वो पावरप्ले में शॉट्स लगाना पसंद करते हैं। वहीं दूसरी तरफ मैं जगह तलाश करने के बाद बाउंड्री लगाने की कोशिश करता हूं। इसलिए ये कॉम्बिनेशन काफी अच्छी तरह से काम करता है।












Click it and Unblock the Notifications